जौनपुर में एमडीएमए बनाने और तस्करी करने के चार आरोपितों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
जौनपुर पुलिस ने एमडीएमए बनाने और तस्करी करने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी केराकत ...और पढ़ें

जौनपुर में एमडीएमए बनाने वाले गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार।
HighLights
जौनपुर पुलिस ने एमडीएमए बनाने वाले चार आरोपी पकड़े।
केराकत के होटल से चल रहा था अवैध एमडीएमए का धंधा।
एक किलो एमडीएमए और बनाने की सामग्री बरामद हुई।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। पुलिस ने मिथाइलीनडाईआक्सी-मेथाम्फेटामाइन (एमडीएमए) बनाने व तस्करी करने के चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान लाइन बाजार के सैदनपुर निवासी शशांक मौर्या उर्फ सम्राट उर्फ लालू, केराकत के नरहन निवासी, सुनील सोनकर, शेखजादा निवासी राहुल सोनकर व चंदवक के मुडैला निवासी शिवशंकर कुमार के रूप में हुई।
इनके कब्जे से एक किलो पूर्ण व अर्धनिर्मित एक किलो एमडीएमए, इसे बनाने के लिए एक किलो आठ सौ ग्राम कोम्रो व लोवा पाउडर सहित इसे बनाने के लिए साल्वेंट भी मिला है। आरोपित केराकत के स्टेशन रोड स्थित गैंड वेलकम रेस्टोरेंट व होटल को किराए पर लेकर इस अवैध धंधे को तकरीबन तीन माह से कर रहे थे।
आरोपितों के कब्जे से दो चार पहिया वाहन सहित नौ हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। निर्मित एमडीएमए को जनपद सहित मीरजापुर व हरियाणा व मुंबई में बेचा जाता था। सभी आरोपित ग्रैंड वेलकम में मंगलवार रात छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए थे। बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि एमडीएमए बनाने के लिए कैमिकल गुजरात की एक कैमिकल फैक्ट्री से आनलाइन मंगाया जाता था, जिसकी जांच की जा रही है।
