दिनदहाड़े घर में घुस कर वृद्धा की हत्या
नेवढि़या थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव में बदमाशों ने बुधवार को दिनदहाड़े एक वृद्धा की घर में घुस कर हत्या कर दी। कुछ देर बाद पड़ोस की एक महिला भीतर पहुंची तो खून से लथपथ शव देख शोर मचाने लगी।
जागरण संवाददाता, सुरेरी (जौनपुर): नेवढि़या थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव में बदमाशों ने बुधवार को दिनदहाड़े एक वृद्धा की घर में घुस कर हत्या कर दी। कुछ देर बाद पड़ोस की एक महिला भीतर पहुंची तो खून से लथपथ शव देख शोर मचाने लगी। सूचना पर पुलिस भी वहां पहुंच गई। फोरेंसिक टीम व डाग स्क्वायड को भी मौके पर बुला लिया गया। घटनास्थल से खून से सनी लाठी बरामद हुई है। हालांकि हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
शेखपुर गांव निवासी दुर्गावती देवी (65) घर में अकेली रहती थीं। दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है। देवर परिवार संग गोपालापुर बाजार में रहते हैं। सुबह लगभग 10 बजे वह अपने खेत से पशुओं के लिए चारा काट कर घर आई थीं। करीब साढ़े दस बजे पड़ोस की एक महिला दुर्गावती देवी के घर पहुंची तो उनको खून से लथपथ जमीन पर पड़ा देख स्तब्ध रह गई। उसने शोर मचाने पर आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। किसी ने फोन कर घटना की जानकारी पुलिस और मृतका के देवर बृजलाल गुप्ता को दी। जानकारी होते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। थोड़ी ही देर में पुलिस टीम, क्राइम ब्रांच व डाग स्क्वायड वहां पहुंच कर पड़ताल में जुट गए। वृद्धा के गले पर नुकीले हथियार से मारा गया गहरा जख्म दिखाई दे रहा था जो कमरे से मिली लाठी या किसी अन्य वस्तु से प्रहार का प्रतीत हो रहा था। पूछताछ में परिजन और ग्रामीण हत्या के कारण नहीं बता पा रहे थे। एसओ वंश बहादुर ¨सह ने बताया कि मृतक के परिजन की तरफ से अज्ञात के खिलाफ हत्या की तहरीर मिली है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।