शादी के नाम पर किया महीनों शारीरिक शोषण
शाहापुर गांव के एक युवक ने युवती से महीनों शारीरिक संबंध बनाने के बाद शादी से इनकार कर दिया। प्रेमिका ने कई बार प्रेमी की दहलीज पर दस्तक दी तो घर वालों ने भगा दिया। दूसरी ओर वह दो थानों का चक्कर काटती रही हैं। सूचना पर पुलिस छानबीन में जुटी हुई हैं।
जागरण संवाददाता, खेतासराय (जौनपुर): शाहापुर गांव के एक युवक ने युवती से महीनों शारीरिक संबंध बनाने के बाद शादी से इनकार कर दिया। प्रेमिका ने कई बार प्रेमी की दहलीज पर दस्तक दी तो घर वालों ने भगा दिया। दूसरी ओर वह दो थानों का चक्कर काटती रही है। सूचना पर पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।
करीब छ: माह पूर्व युवती के भाभी के भाई की शादी क्षेत्र के सलरापुर में थी, जिसमें शामिल होने यह युवती गई थी। शादी में वह युवक वीडियो कैमरा लेकर शूट करने आया हुआ था, तभी दोनों की आंखें चार हो गई। धीरे-धीरे दोनो का प्रेम परवान चढ़ने लगा। बात शादी तक पहुंच गई। शादी का झांसा देकर प्रेमी शोषण करता रहा जब प्रेमिका ने शादी के लिए जिद की तो उसने इनकार कर दिया। युवती न्याय की गुहार लगाने थाने का चक्कर काटती रही। युवती के परिजनों ने युवक के साथ ही रहने की बात कहकर युवती को घर से निकाल दिया। प्रेमिका दीदारगंज पुलिस से न्याय की गुहार लगाई तो वहां की पुलिस ने दूसरे थाने का मामला बताकर वापस कर दिया। वह जब खेतासराय थाने पहुंची तो दीदारगंज का मामला बताकर लौटा दिया गया। करीब एक हफ्ते से उक्त प्रेमिका न्याय के लिए दर बदर भटक रही थी। बहरहाल खेतासराय थाने में शनिवार की शाम लिखित सूचना दी है। इस संबंध में खेतासराय थानाध्यक्ष ने पूछे जाने पर बताया कि तहरीर मिली है जांच की जा रही है, दोषी पाने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।