लापता व्यवसायी पुत्र मुंबई में बेहोश मिला
गुरुवार से संदिग्ध स्थिति में लापता थोक किराना व्यवसायी का पुत्र मुंबई में रेलवे स्टेशन पर रहस्यमय स्थिति में बेहोशी की हालत में पाया गया है। अपहरण की आशंका से चितित परिजनों ने राहत की सांस ली है। परिजन उसे लाने मुंबई रवाना हो गए हैं।
जागरण संवाददाता, मीरगंज (जौनपुर): गुरुवार से संदिग्ध स्थिति में लापता थोक किराना व्यवसायी का पुत्र मुंबई में रेलवे स्टेशन पर रहस्यमय स्थिति में बेहोशी की हालत में पाया गया है। परिजन उसे लाने मुंबई रवाना हो गए हैं।
भटहर गांव निवासी व्यवसायी संतोष कुमार जायसवाल का बीए (प्रथम वर्ष) में पढ़ने वाला पुत्र शुभम गुरुवार को घर से साइकिल से नागरिक डिग्री कालेज जंघई में पढ़ने गया था। देर शाम तक वापस न आने पर चितित परिजन तलाश करने लगे। शुक्रवार को भी सुराग न मिलने पर परिजनों ने अपहरण की आशंका व्यक्त करते हुए थाने में सूचना दी। लेकिन कुछ पता नहीं चला। रविवार को मुंबई में रह रहे संतोष के रिश्तेदारों ने मुंबई में रेलवे स्टेशन पर उसके बेहोशी की हालत में मिलने की सूचना दी। उपचार के बाद होश आने पर शुभम ने मुंबई में अपने फूफा को बताया कि कालेज के पास बाहर जाकर उसने नाश्ता किया। इसके बाद उसे कुछ नहीं पता कि कैसे व किस ट्रेन से वह मुंबई पहुंच गया।