विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में जल्द स्थापित क‍िया जाएगा मौसम विज्ञान केंद्र

By khalid shah Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 04 Sep 2026 06:53 PM (IST)

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से एक मौसम विज्ञान केंद्र स्थापित किया जाएगा। ...और पढ़ें

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में मौसम विज्ञान केंद्र की स्थापना से शोधार्थियों और किसानों को लाभ।

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में मौसम विज्ञान केंद्र की स्थापना से शोधार्थियों और किसानों को लाभ।

HighLights

  1. पूर्वांचल विश्वविद्यालय में मौसम विज्ञान केंद्र की स्थापना होगी।

  2. भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से केंद्र बनेगा।

  3. शोधार्थियों और किसानों को सटीक मौसम डेटा मिलेगा।

जागरण संवाददाता, जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर में लंबे समय से प्रतीक्षित मौसम विज्ञान केंद्र की स्थापना का रास्ता साफ हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के सहयोग से स्थापित होने वाले इस केंद्र के लिए परिसर में जगह तय कर ली गई है।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बाबा साहब देवरस मूल्यांकन केंद्र के सामने इसके लिए स्थान चिन्हित किया है। आवश्यक उपकरण विश्वविद्यालय में पहले ही आ चुके हैं, अब स्थल पर फाउंडेशन बनाकर जल्द से जल्द सिस्टम इंस्टाल करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने इस परियोजना को प्राथमिकता पर लेते हुए गुरुवार को संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों की बैठक बुलाई। उन्होंने कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए निर्देश दिया कि फाउंडेशन का निर्माण अविलंब पूरा कराकर केंद्र को चालू किया जाए। कुलपति ने स्पष्ट किया कि लंबित कार्यों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सभी आवश्यक सिस्टम को समय रहते अपग्रेड कर स्थापित किया जाए।

शोधार्थियों और किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ

मौसम विज्ञान केंद्र शुरू होने से परिसर और आसपास के ग्रामीण इलाकों का सटीक मौसम डाटा मिल सकेगा। यहां तापमान, आर्द्रता, वर्षा की मात्रा और हवा की गति जैसे आंकड़े स्थानीय स्तर पर दर्ज होंगे। दूसरी तरफ पर्यावरण, भूगोल और कृषि विज्ञान के विद्यार्थियों व शोधार्थियों को अध्ययन के लिए अब वाराणसी या अन्य शहरों के आंकड़ों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।