भूमि विवाद में चटकीं लाठियां, सात घायल
भूमि विवाद को लेकर सोमवार को विभिन्न स्थानों पर हुई मारपीट में सात लोग घायल हो गए। इनमें से एक महिला को हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जागरण संवाददाता, जौनपुर: भूमि विवाद को लेकर सोमवार को कई स्थानों पर हुई मारपीट में सात लोग घायल हो गए। इनमें से एक महिला को हालत गंभीर होने के कारण जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बरसठी: थाना क्षेत्र के सोनाई गांव के अशोक कुमार व शिवराम गौतम के बीच काफी समय से भूमि विवाद चला आ रहा है। शिवराम का आरोप है कि सवेरे विपक्षियों ने हमलाकर उनके परिवार की मीरा देवी, रेखा देवी व नेहा कुमारी को लाठी- डंडे से पीटकर बुरी तरह से घायल कर दिया। तीनों को सीएचसी ले जाया गया। वहां से डाक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए रेखा देवी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने तहरीर में नामजद आरोपितों अशोक कुमार, श्यामलाल, सुनीता देवी व किशन कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
तेजीबाजार: महराजगंज थाना क्षेत्र के बनकट लोदी निवासी कन्हैया लाल प्रजापति ने सोमवार की सुबह अपने भाई मोहन की पुत्री किरण को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। किशोरी की मां रंजना देवी की तहरीर पर पुलिस ने चाचा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया। किशोरी का इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज में कराया गया।
शाहगंज: कोतवाली क्षेत्र के ताखा पूरब गांव में पड़ोसियों ने कृष्ण कुमारी जयंत्री लाल व उसकी पुत्री खुशबू को लाठी-डंडे से पीटकर घायल कर दिया। उधर, खुटहन थाना क्षेत्र के बनहरा गांव में मामूली विवाद को लेकर पड़ोसियों ने विमला पत्नी लालचंद को हमलाकर घायल कर दिया।