कर्ज में डूबे व्यवसायी ने फांसी लगाकर दी जान
देवकली बाजार में अधेड़ किराना व्यवसायी ने फांसी लगाकर मौत को गले लगा लिया। कारण कर्ज के बोझ तले दबा होना बताया जा रहा है।
जागरण संवाददाता, केराकत (जौनपुर): देवकली बाजार में अधेड़ किराना व्यवसायी ने फांसी लगाकर मौत को गले लगा लिया। कारण कर्ज के बोझ तले दबा होना बताया जा रहा है।
देवकली बाजार निवासी किराना व्यवसायी संजय गुप्ता (40) पिछले कई माह से कर्ज की वजह से तनावग्रस्त थे। आए दिन आर्थिक तंगी से परिवार में तक-झक होती रहती थी। कर्जदारों के तकादे और पारिवारिक कलह से तनावग्रस्त संजय गुप्ता ने फांसी लगाकर जान दे दी। सोमवार की रात भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चले गए। संजय गुप्ता मंगलवार को सुबह दस बजे तक बाहर नहीं निकले तो उनकी पत्नी सरोज गुप्ता जगाने गईं। कमरे में भीतर का ²श्य देखते ही उनकी घिघ्घी बंध गई। संजय गुप्ता का कमरे में छत में लगे पंखे के हुक में गमछे से फंदे के सहारे लाश लटकी हुई थी। सरोज गुप्ता के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य भी आ गए। पुलिस को घटना की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृत व्यवसायी दो मासूम बच्चों का पिता था। दोनों बच्चे क्रमश: आठ व दस वर्ष के हैं। मांग सूनी होने से सरोज गुप्ता रोते-रोते बेहाल हो गई हैं। परिवारीजनों के मुताबिक बैंक लोन के कारण संजय गुप्ता का मकान बंधक था। लोन पर ली गई बोलेरो से दुर्घटना हो गई थी। उसका बीमा नहीं था। सुलह-समझौते के लिए पीड़ित परिवार को आठ लाख रुपये मुआवजा देने थे। इसके अलावा कुछ व्यावसायिक कर्ज भी था। इसी के चलते व्यवसायी ने अवसादग्रस्त होकर इहलीला समाप्त कर ली।