पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में खेल प्रतिभाओं के मंच का जेपीएल से आगाज
वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में जौनपुर प्रीमियर लीग (जेपीएल) 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ, जिसका मुख्य ...और पढ़ें

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में जेपीएल 2026 का भव्य आगाज, खेल प्रतिभाओं को मिलेगा मंच।
HighLights
जेपीएल 2026 का पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में शुभारंभ।
जिले की खेल प्रतिभाओं को मंच देने का मुख्य उद्देश्य।
10 टीमों की जर्सी और ट्रॉफी का अनावरण किया गया।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के एकलव्य स्टेडियम में बुधवार को जौनपुर प्रीमियर लीग (जेपीएल) 2026 का खेलमय माहौल में शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में विधानसभा स्तर पर गठित 10 टीमों के कप्तानों की मौजूदगी में टीमों की जर्सी लांच की गई और ट्रॉफी का अनावरण हुआ। आयोजन का उद्देश्य जिले की खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ विद्यार्थियों में खेल भावना और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करना है।
कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि एक समय कहा जाता था कि ‘खेलोगे-कूदोगे तो होगे खराब’, लेकिन अब यह धारणा बदलकर ‘खेलोगे तो खिलोगे’ में बदल गई है। खेल आज युवाओं की किस्मत बदलने के साथ सम्मानजनक करियर का माध्यम बन चुका है। जेपीएल विश्वविद्यालय और खेल के बीच मजबूत जुड़ाव का माध्यम बनेगा। इससे विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने और उसे निखारने का अवसर मिलेगा।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल ने जेपीएल के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि जौनपुर को नंबर एक जिला बनाने की दिशा में अभिषेक सिंह की पहल सराहनीय है। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के मंच से जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का यह अच्छा प्रयास है।
जेपीएल के संयोजक पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह ने कहा कि जौनपुर में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही अवसर और मार्गदर्शन देने की है।
विधानसभा स्तर पर 10 टीमों का गठन इसी उद्देश्य से किया गया है, ताकि जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के खिलाड़ियों को एक साथ खेलने और अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिले। लीग से खिलाड़ियों में प्रतिस्पर्धा के साथ सहयोग और भाईचारे की भावना भी मजबूत होगी।कार्यक्रम की शुरुआत टीम कप्तानों के आगमन से हुई। इसके बाद सभी टीमों की जर्सी का अनावरण किया गया।
खिलाड़ियों और दर्शकों की मौजूदगी से स्टेडियम खेलमय नजर आया।विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, वित्त अधिकारी आत्म प्रकाशधर द्विवेदी, प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. प्रदीप कुमार, प्रो. रजनीश भास्कर, प्रो. विनोद कुमार, डॉ. सुनील कुमार, डॉ. दिग्विजय सिंह राठौर, डॉ. राहुल राय, रजनीश सिंह, विजय प्रकाश, अल्का चौहान समेत शिक्षक, अधिकारी और अन्य अतिथि मौजूद रहे।
