विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जौनपुर में 30.49 करोड़ से दो सड़कों का होगा चौड़ीकरण, जल्द शुरू होगा निर्माण

Published: Fri, 30 Oct 2026 02:56 PM (IST)

जौनपुर के शाहगंज विधानसभा क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 30.49 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. शाहगंज में दो सड़कों के लिए 30.49 करोड़ स्वीकृत।

  2. खुटहन-पटैला-भगासा और सुरिस-पक्खनपुर-अरगूपुर मार्ग का चौड़ीकरण।

  3. सड़कें मजबूत होने से आवागमन और व्यापार होगा आसान।

जागरण संवाददाता, सरपतहां (जौनपुर)। शाहगंज विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के लगातार हो रहे विकास को और भी गति मिलने जा रही है। क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 30 करोड़ 48 लाख 73 हजार रुपये की धनराशि निर्धारित की गई है। निविदा आदि की प्रक्रियाएं लगभग पूरी हो चुकी हैं जिससे जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।

योजना के तहत खुटहन वाया पटैला-भगासा रामनगर मार्ग के भगासा तक के 9.25 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कराया जाएगा। इस पर 19 करोड़ 31 लाख 72 हजार रुपये खर्च होंगे। इस मार्ग के रामनगर तक बचे हुए हिस्से का चौड़ीकरण अगले चरण में होगा।

इसके अलावा सुरिस वाया पक्खनपुर-अरगूपुर मार्ग के बचे हुए 6.600 किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जाएगा। जिस पर 11 करोड़ 17 लाख एक हजार रुपये की लागत आएगी।

दोनों मार्ग आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों के लिए आवागमन का प्रमुख माध्यम हैं। इनके चौड़ा और मजबूत होने से वाहनों की आवाजाही आसान होगी तथा लोगों को यात्रा में लगने वाले समय और असुविधा से राहत मिलेगी। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने, व्यापारियों को कारोबार और विद्यार्थियों सहित नौकरीपेशा लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में भी सहूलियत होगी।

शाहगंज क्षेत्र में सड़क संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए मैं लगातार प्रयास कर रहा हूं। मेरा मानना है कि बेहतर सड़कें ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। -रमेश सिंह, विधायक, शाहगंज।