जौनपुर प्रीमियर लीग का रंगारंग आगाज, लेकिन मुकाबलों पर पड़ गई मौसम की मार
जौनपुर प्रीमियर लीग (जेपीएल) का औपचारिक शुभारंभ तो हो गया, लेकिन बारिश के कारण इसके पहले मुकाबले स्थगित हो गए। ...और पढ़ें

जौनपुर प्रीमियर लीग का आगाज, पर बारिश ने रोके मुकाबले; मैदान गीला होने से मैच टले।
HighLights
जौनपुर प्रीमियर लीग के मुकाबले बारिश के कारण स्थगित हो गए।
विश्वविद्यालय परिसर का मैदान गीला होने से मैच नहीं हो सका।
औपचारिक उद्घाटन के बाद भी मैच टलने से इंतजार बढ़ा।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। जौनपुर प्रीमियर लीग (जेपीएल) के मुकाबलों पर मौसम की मार पड़ गई है। बुधवार को जर्सी लांच और ट्रॉफी अनावरण के साथ प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ होने के बाद गुरुवार को पहला मुकाबला प्रस्तावित था, लेकिन रात में हुई बारिश से विश्वविद्यालय परिसर का मैदान गीला हो गया। मैदान खेलने योग्य नहीं होने के कारण मैच नहीं कराया जा सका।
प्रतियोगिता में नौ विधानसभा क्षेत्रों से चयनित टीमों के साथ पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम समेत कुल दस टीमें हिस्सा लेंगी।अब खिलाड़ियों और दर्शकों को मैदान के दुरुस्त होने तथा मुकाबलों के शेड्यूल जारी होने का इंतजार है।
जेपीएल के लिए जिले की नौ विधानसभा क्षेत्रों में पहले चरण में पांच-पांच टीमों के बीच मुकाबले कराए गए थे। प्रत्येक विधानसभा से एक टीम का चयन कर मुख्य प्रतियोगिता के लिए भेजा गया है। इन नौ टीमों के साथ पूर्वांचल विश्वविद्यालय की एक टीम को शामिल किया गया है। इस तरह विश्वविद्यालय परिसर में कुल दस टीमों के बीच मुकाबले प्रस्तावित हैं।
प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में खासा उत्साह है। विधानसभा स्तर पर मुकाबलों के बाद चयनित टीमें अब विश्वविद्यालय परिसर में मुख्य चरण के लिए पहुंची हैं। आयोजकों की ओर से मैदान को मुकाबलों के लिए तैयार किया गया था, लेकिन मौसम ने तैयारियों पर पानी फेर दिया। बारिश के बाद मैदान में नमी अधिक होने के कारण खिलाड़ियों की सुरक्षा और खेल की गुणवत्ता को देखते हुए मुकाबला टालना पड़ा।
बुधवार को प्रतियोगिता के उद्घाटन अवसर पर कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी डॉ. सैमुअल एल पॉल एन,कुलसचिव डॉ.विनोद कुमार सिंह और पूर्व आईएएस अभिषेक सिंह ने जर्सी लांच और ट्रॉफी का अनावरण किया। इसके साथ ही जेपीएल के मुख्य चरण का औपचारिक आगाज हुआ। उद्घाटन के बाद विद्यार्थियों को तनावमुक्त रखने और मनोरंजन के उद्देश्य से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें गायक मासूम शर्मा ने प्रस्तुति दी।
प्रतियोगिता में दस टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों का विस्तृत शेड्यूल अभी जारी नहीं हुआ है। ऐसे में मैदान के खेलने योग्य होने के साथ ही अब आयोजकों को मैचों का कार्यक्रम तय करने की भी तैयारी करनी होगी।आगामी दिनों में विशाल मिश्रा की प्रस्तुति और 14 अक्टूबर को पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना की उपस्थिति प्रस्तावित है। क्रिकेट मुकाबलों के साथ इन आयोजनों को लेकर भी परिसर में उत्साह बना हुआ है।
पूर्वांचल टीम के चयन पर उठे सवाल
पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम में खिलाड़ियों के चयन को लेकर नौ विधानसभा क्षेत्रों से आई कुछ टीमों के खिलाड़ियों ने आपत्ति जताई है। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय की टीम में जौनपुर के खिलाड़ियों को प्राथमिकता मिलनी चाहिए। वहीं विश्वविद्यालय से जुड़े लोगों का कहना है कि जौनपुर के साथ गाजीपुर के महाविद्यालय भी विश्वविद्यालय से संबद्ध हैं, इसलिए दोनों जिलों के खिलाड़ियों को अवसर दिया जाना चाहिए। हालांकि इसका गुरुवार को मैच न होने से कोई संबंध नहीं है।
