विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जौनपुर में 15 करोड़ की लागत से पीली नदी पर बनेगा पुल, 50 से अधिक गांवों को होगा फायदा

Published: Wed, 30 Sep 2026 05:47 PM (IST)

जौनपुर के बदलापुर क्षेत्र में पीली नदी पर 15.23 करोड़ रुपये की लागत से 71 मीटर पुल का निर्माण होगा, जिससे लगभग 50 गांवों को लाभ मिलेगा।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. पीली नदी पर 71 मीटर पुल निर्माण को 15.23 करोड़ मिले।

  2. पुल बनने से जौनपुर के 50 गांवों की दूरी घटेगी।

  3. किसानों को 4 करोड़ मुआवजा, पत्रावली में फंसा पेंच।

जागरण संवाददाता, जौनपुर। बदलापुर क्षेत्र के रारी-अगरौरा गांव के मध्य पीली नदी पर 71 मीटर पुल बनाने के लिए 15 करोड़ 23 लाख 45 हजार रुपये प्राप्त हो गए हैं। इसके बनने से तकरीबन 50 गांवों की दूरी कम होगी। प्रस्तावित पुल का निर्माण सेतु निगम की ओर से कराया जाएगा। इसमे बड़ी संख्या में किसानों की भूमि भी ली जाएगी।

2.71 हेक्टेयर भूमि के बदले किसानों को चार करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाएगा। इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट की शुरूआत बारिश के बाद कराए जाने की बात कही जा रही है। इस दौरान यदि कार्य शुरू होता है तो प्रभावित किसानों को फसली मुआवजा भी दिया जाएगा।

मुआवजा वितरण में फंसा पेंच

पुल के निर्माण के लिए मुआवजा वितरण को लेकर पेंच फंस गया है। 2.71 हेक्टेयर भूमि के बदले प्रभावित किसानों का मुआवजा तो तय कर लिया गया है, लेकिन अभी तक इसकी तहसील स्तर पर पत्रावली तैयार नहीं हो सकी है, जो इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट के निर्माण में बाधा बन सकती है। कार्य शुरू होने के दौरान प्रभावित किसानों को फसली बीमा देने का भी विकल्प रखा गया है, जिससे किसानों को परेशानी न हो।

इतने गांवों के लोगों को मिलेगा फायदा

बदलापुर ब्लाक के रारी खुर्द, रारीकला, बदलापुर खुर्द, चकमोलनापुर, भगतपुर, वीरभानपुर, दुर्गा पट्टी लेदुका व बक्शा ब्लाक के अगरौरा,बड़ारी, धनियामऊ, औंका, सरायहरखू व कलिंजरा सहित तकरीबन 50 गांव के ग्रामीणों को तहसील व जनपद मुख्यालय आने-जाने में सहूलियत मिलेगी।

मुआवजा वितरण में पत्रावली नहीं बनने की जानकारी हुई है। इसे लेकर एसडीएम से जानकारी लेते हुए इसमे किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने को कहा गया है। दोबारा इसकी समीक्षा की जाएगी। यह जनहित से जुड़ा मामला है। लापरवाही हुई तो संबंधित लोगों की शिकायत जिलाधिकारी से की जाएगी। -रमेश चंद्र मिश्र, विधायक, बदलापुर।

पुल के निर्माण के लिए धनराशि प्राप्त हो चुकी है। बारिश समाप्त होते कार्य की शुरुआत करा दी जाएगी। इस बीच जरूरी औपचारिकताओं को भी पूरा कर लिया जाएगा। -जेपी गुप्ता, प्रोजेक्ट मैनेजर, सेतु निगम।