जौनपुर, जागरण टीम: बरसठी गनेशपुर गांव के नकछेद पुरवा में शनिवार की शाम खेलते समय दो बालक आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। एक की मौत हो गई, जबकि दूसरा बुरी तरह से झुलस गया। उसका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। 

नकछेद पुरवा निवासी भोला यादव उर्फ राजू का 13 वर्षीय पुत्र साजन व राकेश का 12 वर्षीय पुत्र राज खेल रहे थे। आंधी व पानी आने पर दोनों बचने के लिए मड़हे में बैठ गए। उसी समय तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली मड़हे के बगल से होती हुई खेत में जा गिरी। 

चपेट आकर साजन व राज गंभीर रूप से झुलस गए। स्वजन दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। डाक्टरों ने साजन को देखते ही मृत घोषित कर दिया। राज का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। 

मौत की खबर आते ही घर में कोहराम मच गया। संज्ञान में आने पर नायब तहसीलदार प्रमोद यादव ने जिला अस्पताल पहुंचकर हादसे के बारे में पूछताछ की। मृत साजन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Edited By: Shivam Yadav