जौनपुर में फ्लाईओवर के निर्माण के लिए 38 करोड़ जारी, मुख्य मार्ग बंद होने से कार्य में आएगी तेजी
जौनपुर में 38 करोड़ के फ्लाईओवर का निर्माण मुख्य मार्ग बंद होने और रूट डायवर्जन के बाद अब तेजी पकड़ेगा।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
38 करोड़ के फ्लाईओवर निर्माण में अब आएगी तेजी।
मुख्य मार्ग बंद कर वैकल्पिक रास्तों से आवाजाही शुरू।
श्रीकृष्णानगर रेलवे क्रॉसिंग पर जाम से मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, बदलापुर (जौनपुर)। 38 करोड़ के फ्लाईओवर की राह साफ होने के साथ ही अब निर्माण रफ्तार पकड़ेगा। जफराबाद-सुल्तानपुर रेलखंड पर श्रीकृष्णानगर रेलवे स्टेशन के पश्चिम रेलवे क्रॉसिंग 23सी भलुआहीं पर निर्माणाधीन फ्लाईओवर के काम में बदलापुर-प्रयागराज मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बाधक बन रही थी।
निर्माण में हो रही देरी को लेकर विधायक रमेशचंद्र मिश्र की शिकायत के बाद रेलवे ने रूट डायवर्जन का सुझाव दिया, जिस पर अमल करते हुए वैकल्पिक मार्गों को दुरुस्त करा लिया गया है। अब मुख्य मार्ग को पूरी तरह बंद कर निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी।
करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे फ्लाईओवर का निर्माण व्यस्त मार्ग पर यातायात के दबाव के कारण प्रभावित हो रहा था। निर्माण स्थल से वाहनों की आवाजाही जारी रहने के कारण काम को अपेक्षित गति नहीं मिल पा रही थी।
इसे लेकर विधायक ने रेलवे अधिकारियों के समक्ष निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा उठाया था। रेलवे ने मार्ग पर वाहनों की आवाजाही को निर्माण कार्य में बाधक बताया। मुख्य मार्ग बंद करने से पहले वैकल्पिक रास्तों को आवागमन योग्य बनाया गया है।
मुख्य मार्ग बंद होने के बाद वाहनों को वैकल्पिक रास्तों से गुजारा जा रहा है। इससे निर्माण स्थल पर यातायात का दबाव कम होगा और फ्लाईओवर का काम तेजी से कराया जा सकेगा। फ्लाईओवर के पूरा होने से रेलवे क्रासिंग पर वाहनों के रुकने और जाम की समस्या से भी लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मुख्य मार्ग बंद होने से पहले तैयार हुए वैकल्पिक रास्ते
- उसराबाजार-नेवादा मुखलिसपुर-कड़ेरेपुर मार्ग
- नगर से नहर की पटरी विठुआकला रेलवे क्रासिंग-भलुआहीं-महराजगंज मार्ग
आवागमन बंद होने से फ्लाईओवर का निर्माण तेज गति से होगा। हमारा प्रयास है कि यह परियोजना शीघ्र पूरा कराकर क्षेत्र की जनता को सौंप दिया जाय। जिससे उनका आवागमन सुगम हो सके। -रमेशचंद्र मिश्र, विधायक।
