जौनपुर में 5.78 करोड़ से बनेगी बस अड्डे की सड़क, धन आवंटित होते ही शुरू होगा निर्माण
बदलापुर, जौनपुर में रामजानकी मंदिर सरोखनपुर के पास नवनिर्मित रोडवेज बस अड्डे की सड़क 5.78 करोड़ की लागत से बनेगी।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
नवनिर्मित बस अड्डे की सड़क 5.78 करोड़ की लागत से बनेगी।
पीडब्ल्यूडी ने सड़क चौड़ीकरण की कार्य योजना शासन को भेजी।
धन स्वीकृति के बाद सकरी सड़क पर बसों का संचालन होगा।
जागरण संवाददाता, बदलापुर (जौनपुर)। उद्घाटन के डेढ़ वर्ष बाद रामजानकी मंदिर सरोखनपुर के पास नवनिर्मित रोडवेज बस अड्डे की सड़क 5.78 करोड़ की लागत से बनेगी। इसके लिए पीडब्ल्यूडी विभाग ने कार्य योजना बनाकर शासन को भेजा है। धन की स्वीकृति होते ही सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा। सकरी सड़क के बन जाने के बाद से बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।
उक्त बसे अड्डे का निर्माण पांच करोड़ 54 लाख 60 हजार की लागत से 13 नवंबर 2020 को विधायक रमेशचंद्र मिश्र ने भूमि पूजन करके किया था। जिसका उद्घाटन परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने आठ दिसंबर 2024 को समारोह पूर्वक किया था, किंतु वाराणसी-लखनऊ फोरलेन हाइवे से बस अड्डे तक लगभग आठ सौ मीटर सड़क सकरी होने से बसों का संचालन नहीं हो पा रहा था। जिससे भव्य ढंग से बनकर तैयार बस अड्डा अनुपयोगी साबित हो रहा था।
तत्कालीन जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र द्वारा बस अड्डे के निरीक्षण के बाद बसों का संचालन करने का निर्देश दिया था। जिसका परिणाम रहा कि दो-चार बसें बस अड्डे से होकर आने-जाने लगी थी।
विधायक रमेशचंद्र मिश्र फोरलेन हाइवे से बस अड्डे तक सड़क बनाए जाने के लिए प्रयासरत रहे। जिसका परिणाम रहा कि लोकनिर्माण विभाग सड़क चौड़ीकरण का इस्टीमेट 5.786 करोड़ बनाकर शासन को भेजा है। अब सड़क बनने की आस लोगों में जग गई है।
साढ़े पांच मीटर बनेगी सड़क
वाराणसी-लखनऊ फोरलेन हाइवे से फायर स्टेशन के आगे तक लगभग डेढ़ किमी सड़क साढ़े पांच मीटर चौड़ी बनेगी। जिसपर 5.786 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
लोकनिर्माण विभाग ने साढ़े पांच मीटर चौड़ी सड़क के निर्माण के लिए आकलन रिपोर्ट बनाकर भेज दिया है। शीघ्र ही धन आवंटित कराकर सड़क निर्माण कराया जाएगा। -रमेशचंद्र मिश्र, विधायक।
