जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग का होगा चौड़ीकरण, निर्माण कार्य के लिए 75 करोड़ मंजूर; अतिक्रमण पर भी चलेगा बुलडोजर
जौनपुर में लता मंगेशकर चौराहे से आजमगढ़ मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 75 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए ...और पढ़ें

जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग का होगा चौड़ीकरण।
HighLights
जौनपुर-आजमगढ़ मार्ग चौड़ीकरण के लिए 75 करोड़ स्वीकृत।
पॉलिटेक्निक से पचहटिया तक सड़क का होगा सुदृढ़ीकरण।
जाम से निजात पाने के लिए अतिक्रमण भी हटेगा।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। शहर की सड़कों पर वाहनों का बढ़ता दबाव और आए दिन लगने वाला जाम लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। खासकर लता मंगेशकर चौराहे से आजमगढ़ की ओर जाने वाले मार्ग पर आवागमन के दौरान लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ता है।
ऐसे में इस मार्ग के चौड़ीकरण की पहल से राहत की उम्मीद जगी है। पॉलिटेक्निक से पचहटिया तक करीब पौने चार किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए 75 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है।
शहर में करीब पौने चार किलोमीटर हिस्से का फोरलेन होना अभी बाकी है। यह जाम का अहम कारण भी है। इतनी दूरी में डिवाइडर न होने और सड़क के फोरलेन न हो पाने से समस्या और बढ़ जाती है।
योजना के तहत डिवाइडर के अलावा सड़क के दोनों ओर दो-दो मीटर चौड़ाई बढ़ाई जानी है। चौड़ीकरण की स्वीकृति के बाद निर्माण कार्य कब शुरू होगा और जाम से मुक्ति की राह कितनी आसान होगी यह देखने वाली बात होगी।
कारण इसके लिए शहर में कई जगहों पर अतिक्रमण हटवाना होगा। चूंकि इस मार्ग पर वाहनों का दबाव वैसे भी बहुत है ऐसे में यह काम आसान नहीं होगा। जौनपुर से आजमगढ़, मऊ, गोरखपुर जाने का यही मुख्य मार्ग भी है।
लता मंगेशकर चौराहा पर जाम से जूझते लोग
शहर के यातायात का अहम केंद्र, चौड़ीकरण के साथ अतिक्रमण हटाना भी जरूरी है। लता मंगेशकर चौराहा शहर के प्रमुख मार्गों को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण स्थल है। यहां से आजमगढ़ की ओर जाने वाले वाहनों के साथ स्थानीय आवागमन का दबाव भी रहता है।
व्यस्त समय में वाहनों की अधिकता और सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों से यातायात प्रभावित होने की स्थिति बनती है। ऐसे में चौराहे के आसपास सड़क की वास्तविक चौड़ाई, अतिक्रमण की स्थिति का आकलन कर इसे हटवाना जरूरी है।
मार्ग के चौड़ीकरण के लिए केंद्रीय मंत्री नितिन गड़करी से मिलकर आवाज उठाई थी। स्वीकृति मिलने के बाद न सिर्फ इसका रास्ता साफ हो गया है बल्कि काम भी शुरू हो चुका है। इससे जाम से निजात और सभी को सहूलियत मिलेगी। -गिरीश चंद्र यादव, मंत्री।
