डाटा मिसमैच होने के कारण नहीं बन पा रहा आयुष्मान कार्ड? तो न हों परेशान, इन आसान तरीकों से करें सुधार
आयुष्मान भारत योजना के तहत डेटा मिसमैच के कारण कार्ड न बन पाने की समस्या अब समाप्त हो गई है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
डेटा मिसमैच के कारण आयुष्मान कार्ड न बनने की समस्या समाप्त।
16 सितंबर से ऑनलाइन सुधार प्रक्रिया शुरू, तीन माह तक चलेगी।
नजदीकी सीएचसी या सीएमओ कार्यालय में दस्तावेज सत्यापन कराएं।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत पात्र होने के बावजूद यदि आयुष्मान कार्ड अब तक नहीं बन सका है, तो यह खबर राहत भरी है। योजना के स्रोत डेटा और आधार कार्ड के विवरण में भिन्नता या त्रुटि होने के कारण कार्ड जारी न होने की समस्या का अब आसान समाधान निकाल लिया गया है।
ऐसे मामलों में सुधार के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 16 सितंबर से शुरू कर दी गई है। यह अभियान तीन माह तक चलेगा।
यदि किसी पात्र लाभार्थी के आधार कार्ड और राशन कार्ड या अन्य स्रोत डेटा में दी गई जानकारियों में अंतर है, तो अब परेशानी नहीं होगी। लाभार्थी पोर्टल के माध्यम से पिता का नाम, आयु, लिंग, निवास का पता में सुधार करवा करते हैं।
अपने निकटतम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र या मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में भी इसके लिए संपर्क किया जा सकता है। जनपद में 2094318 लाभार्थी हैं। इनमें 1604065 लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड बनाया जा चुका है।
यह होगी सुधार की प्रक्रिया
डेटा मिसमैच की समस्या से जूझ रहे लाभार्थियों को अपने साथ सही जानकारी प्रमाणित करने वाला आधिकारिक सरकारी दस्तावेज लेकर केंद्र पर जाना होगा। इसके लिए आधार कार्ड, राशन कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र या अन्य प्रासंगिक सरकारी पहचान पत्र मान्य होंगे। केंद्र पर उपस्थित संबंधित अधिकारी आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद बेनेफिशरी डेटाबेस मैनेजमेंट पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन दर्ज करेंगे।
इसके बाद विभाग की ओर से विवरण में संशोधन की प्रक्रिया पूरी कर आयुष्मान कार्ड जारी कर दिया जाएगा। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम ने पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ नजदीकी सीएचसी या सीएमओ कार्यालय पहुंचकर अपने डेटा को अपडेट कराएं और पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की इस योजना का लाभ उठाएं।
यह भी पढ़ें- नया राशन कार्ड बनते ही तुरंत करा लें ये जरूरी काम, वरना रुक जाएगा राशन; बदले नियम
कार्ड बनवाने के लिए आवश्यक दस्तावेज
- आधार कार्ड (मुख्य पहचान व बायोमेट्रिक ई-केवाईसी के लिए)
- राशन कार्ड / परिवार आईडी (पात्रता व परिवार के सत्यापन के लिए)
- आधार से लिंक सक्रिय मोबाइल नंबर (ओटीपी सत्यापन के लिए)
