विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्वांचल व‍िश्‍वव‍िद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश, शोध, नवाचार और रैंकिंग पर कार्ययोजना बनाने के निर्देश

By khalid shah Edited By: Abhishek sharma
Published: Sat, 19 Sep 2026 04:49 PM (IST)

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में कुलपति की अध्यक्षता में हुई बैठक में 2026-27 सत्र के लिए प्रवेश, शोध, नवाचार ...और पढ़ें

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 2026-27 सत्र हेतु प्रवेश शोध और रैंकिंग पर विशेष कार्ययोजना।

पूर्वांचल विश्वविद्यालय में 2026-27 सत्र हेतु प्रवेश शोध और रैंकिंग पर विशेष कार्ययोजना।

HighLights

  1. 2026-27 सत्र के लिए प्रवेश, शोध, नवाचार पर कार्ययोजना।

  2. शैक्षणिक गुणवत्ता और संस्थागत विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश।

  3. नशामुक्त युवा व विकसित भारत अभियान में छात्र सहभागिता।

जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में राजकीय, अनुदानित एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के प्राचार्यों और प्रबंधकों की बैठक शनिवार को कुलपति प्रो. आर.के. सिंह की अध्यक्षता में आनलाइन हुई। बैठक में शैक्षणिक गुणवत्ता, संस्थागत विकास, विद्यार्थियों की सहभागिता और आगामी शैक्षणिक सत्र की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।

कुलपति प्रो. आर.के. सिंह ने कहा कि प्रत्येक महाविद्यालय अपनी क्षमता, उपलब्ध संसाधनों और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप स्पष्ट विजन तय करे और उसी के आधार पर शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार करे। उन्होंने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश के साथ शोध, नवाचार और रैंकिंग के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।

उन्होंने प्राचार्यों से संस्थागत विकास को लेकर सुझाव भी लिए।बैठक में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को प्रभावी बनाने पर भी चर्चा हुई। इसके तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा रंग’ और ‘इनोवेशन चैलेंज’ जैसे कार्यक्रमों में अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

वहीं, ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत अगले 100 सप्ताह तक महाविद्यालयों में नशामुक्ति, स्वस्थ जीवनशैली और सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़ी थीम आधारित गतिविधियां संचालित करने को कहा गया।युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने के उद्देश्य से ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग’ क्विज प्रतियोगिता को मिशन मोड में संचालित करने पर भी सहमति बनी। इसके लिए ‘माई भारत’ पोर्टल पर अधिक से अधिक विद्यार्थियों का पंजीकरण कराने का लक्ष्य रखा गया।

इससे पूर्व अधिष्ठाता छात्र कल्याण एवं अभियान के संयोजक प्रो. प्रमोद कुमार यादव ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने महाविद्यालयों से गतिविधियों की नियमित रिपोर्टिंग करने का आग्रह किया। बैठक में कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, प्रो. मिथिलेश सिंह, एनएसएस समन्वयक डॉ. शशिकांत यादव सहित विभिन्न महाविद्यालयों के प्राचार्य एवं प्रबंधक शामिल हुए।