फिल्म छपाक में भाजपा का विरोध नहीं
सीएए के समर्थन में जौनपुर पहुंचे राज्य कानून मंत्री बृजेश पाठक ने जागरण से खास बातचीत में कहा कि जनता चाहे तो दीपिका पादुकोण अभिनीत फिल्म छपाक देखे। भाजपा का इसमें कोई विरोध नहीं है। दीपिका जेएनयू में छात्रों का समर्थन करने नहीं अपनी फिल्म का प्रमोशन करने पहुंची थीं। उन्होंने कोई बयान नहीं दिया। बस खामोशी से छात्रों की बात सुन कर चली आईं।
जागरण संवाददाता, जौनपुर: सीएए के समर्थन में जनसभा व पदयात्रा को जौनपुर पहुंचे कानून मंत्री बृजेश पाठक ने जागरण से खास बातचीत में कहा कि जनता चाहे तो दीपिका पादुकोण अभिनीत फिल्म छपाक देखे। भाजपा का इसमें कोई विरोध नहीं है। दीपिका जेएनयू में छात्रों का समर्थन करने नहीं, अपनी फिल्म का प्रमोशन करने पहुंची थीं। उन्होंने कोई बयान नहीं दिया। बस खामोशी से छात्रों की बात सुनकर चली आयीं।
उन्होंने कहा कि दिल्ली चुनाव को लेकर भाजपा मेहनत कर रही है। वहां की सभी 70 सीटों पर भाजपा चुनाव लड़ेगी। सारे कार्यकर्ता एकजुट होकर क्षेत्र में मेहनत कर रहे हैं। हम वहां चुनाव जीत कर सरकार बनाने जा रहे हैं। प्रियंका वाड्रा के धुआंधार दौरे पर कहा कि वह सिर्फ अखबारों की सुर्खियां बटोरने का काम कर रही हैं। यूपी में वह जिस तरह की सक्रियता दिखा रही हैं इससे उनको यहां कुछ मिलने वाला नहीं है। सच्चाई तो यह है कि कांग्रेस पर खुद सर्वाइवल का संकट पैदा हो गया है। प्रियंका को इसका जवाब अपनी पार्टी को देना चाहिए। कहा कि सीएए को लेकर भ्रम फैलाया जा रहा है। यह कानून सिर्फ नागरिकता देने के लिए बनाया गया है। जिस तरह से आयुष्मान योजना आया, उसकी सूची निकाली जाए तो बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लाभार्थियों के नाम मिलेंगे। यही हाल आवास योजना और उज्ज्वला योजना का भी है। तब ये लोग जनता को भ्रमित नहीं कर पाये। भाजपा की कार्यप्रणाली से विपक्षी दल भयभीत हैं। उनको लग चुका है कि अब उनकी राजनीति शून्य की तरफ जा रही है। इसलिए षड्यंत्र रच कर पर्दे के पीछे से अपना खेल खेल रहे हैं। इसके बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे लागू कर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इसका इंतजार 70 वर्षों से हो रहा था।