जौनपुर के करंजाकला में मड़हे में बैठे सब्जी विक्रेता पर भरभराकर गिरा गुलमोहर, मौके पर ही मौत
जौनपुर के करंजाकला गांव में एक सब्जी विक्रेता की गुलमोहर का पेड़ गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। ...और पढ़ें

जौनपुर में मड़हे में बैठे सब्जी विक्रेता पर गिरा गुलमोहर का पेड़, मौके पर ही मौत।
HighLights
जौनपुर के करंजाकला में सब्जी विक्रेता की मौत।
मड़हे में बैठे अर्जुन सोनकर पर गिरा गुलमोहर पेड़।
हादसे में मौके पर ही हुई दर्दनाक मृत्यु।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के करंजाकला गांव में शनिवार सुबह खेत के पास मड़हे में बैठे 37 वर्षीय सब्जी विक्रेता की पेड़ के नीचे दबकर मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना के बाद स्वजन में कोहराम मच गया।
करंजाकला गांव निवासी सब्जी अर्जुन सोनकर 37 वर्ष विक्रेता शनिवार सुबह करीब नौ बजे घर से कुछ दूरी पर खेत के पास बने मड़हे में बैठे थे। इसी दौरान अचानक कुछ टूटने की आवाज सुनाई दी। वह आवाज की ओर देखते या कुछ समझ पाते, उससे पहले मड़हे के पास खड़ा गुलमोहर का पेड़ अचानक भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा।
पेड़ के नीचे दबने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पेड़ के नीचे दबे व्यक्ति को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलते ही स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी व अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल रहा।मृतक के दो पुत्र दिग्विजय (11), सुदरम (9) और पुत्री अंशिका (8) हैं। पिता की अचानक मौत से तीनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल रहा।
