सड़क पर संदिग्ध हाल में जख्मी मिले पूर्व ग्राम प्रधान की मौत
सूबे के राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव के गृह गांव सैदपुर पनियरिया के पूर्व प्रधान बांके लाल यादव (55) बुधवार की देर शाम संदिग्ध हाल में गोसाईंपुर गांव में लबे सड़क बुरी तरह जख्मी खून से लथपथ मिले। उपचार के दौरान बीएचयू ट्रामा सेंटर में रात में ही उनकी मौत हो गई। लाश की दशा देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर): सूबे के राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव के गृह गांव समसपुर पनियरिया के पूर्व प्रधान बांके लाल यादव (55) बुधवार की देर शाम संदिग्ध हाल में गोसाईंपुर गांव में लबे सड़क बुरी तरह जख्मी खून से लथपथ मिले। उपचार के दौरान बीएचयू ट्रामा सेंटर में रात में ही उनकी मौत हो गई। लाश की दशा देखकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। वहीं कुछ लोग सड़क हादसे में मृत्यु होने की बात कह रहे हैं। पुलिस दोनों पहलू से मामले की छानबीन कर रही है।
सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पनियरिया गांव निवासी बांकेलाल यादव कोठवार बाजार में हार्डवेयर की दुकान चलाते थे। रोजाना की तरह बुधवार की रात वह दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। देर रात पतहना मोड़ के समीप गोसाईंपुर गांव में लबे सड़क संदिग्ध हाल में बुरी तरह से जख्मी औंधे मुंह पड़े देखे गए। उनके सिर में गंभीर चोट थी। आँखें बाहर निकल आई थीं। कुछ राहगीरों ने देखा तो शोर मचाया। आस-पास के काफी लोग जुट गए। शिनाख्त होने के बाद ग्रामीणों ने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन उन्हें जिला अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। उन्हें ले जाकर बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान रात में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। मौत की खबर आने पर घर ही नहीं पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। थानाध्यक्ष निरीक्षक राजेश यादव ने घटना से अनभिज्ञता जताई है। घर में मचा कोहराम
समसपुर पनियरिया के पूर्व प्रधान बांके लाल यादव की संदिग्ध हाल में मौत से घर में कोहराम मच गया है। घर पर मौजूद पत्नी लालमणि देवी व बेटी इंदू का रो-रोकर हाल बुरा है। गुरुग्राम (हरियाणा) में नौकरी करने वाला बड़ा बेटा दीपक यह मनहूस खबर सुनने के बाद घर के लिए चल पड़ा है। छोटा बेटा लोकेश यादव शव के साथ बनाकर में है। घर पर संवेदना जताने वालों का तांता लगा है। घटना को लेकर गांव में जितने मुंह उतनी बातें हो रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वजह साफ होने की संभावना है।