जौनपुर में ठंड के साथ कोहरे का भी शुरू हुआ कहर, पारे में आ रही दिन प्रतिदिन गिरावट
सोमवार की रात 800 बजे के बाद सर्द हवाओं के चलने से तापमान गिरकर 11 से 12 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हालांकि मंगलवार की सुबह सूर्य के उदय होते ही तापमान बढ़कर 14 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इस दौरान सर्द हवाओं का भी असर कम रहा।
जौनपुर ,जेएनएन। गत एक सप्ताह से ठंड में हुए इजाफे के साथ ही कोहरे ने भी अपनी चादर फैला दी है। सूरज के अस्त होने के बाद जहां जिले का तापमान गिर जा रहा है, वही कोहरे का भी कहर शुरू हो जा रहा है।
सोमवार की रात 8:00 बजे के बाद सर्द हवाओं के चलने से तापमान गिरकर 11 से 12 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हालांकि मंगलवार की सुबह सूर्य के उदय होते ही तापमान बढ़कर 14 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। इस दौरान सर्द हवाओं का भी असर कम रहा।
कृषि विज्ञान केंद्र बक्सा के मौसम वैज्ञानिक डा. पंकज जायसवाल ने बताया कि जिले में सर्द हवाओं के चलने से ठंड में इजाफा हुआ है। सूरज के अस्त होने के बाद जहां तापमान गिर जा रहा है, वहींं सुबह होते ही पारा चढ़ जा रहा है। बताया कि सोमवार की रात ठंड हवाओं के चलने से तापमान 11 से 12 डिग्री सेल्सियस तक आ गया था। मंगलवार की सुबह 7:00 बजे तक यह 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो 8:00 बजे 15 डिग्री पर पहुंच गया।
अनुमान लगाया जा रहा है कि 10:00 बजे पारा 19 डिग्री, 11:00 बजे 20 डिग्री, 12:00 बजे 22 डिग्री व 3:00 तक 25 डिग्री पर पहुंच जाएगा। इसके साथ ही 4:00 बजे सूरज की किरणों के मद्धिम पड़ने के साथ ही पारे के गिरने का क्रम शुरू हो जाएगा। जो रात 12:00 बजे तक 16 डिग्री पर पहुंच जाएगा। बताया कि यह स्थिति एक-दो दिन तक बनी रहेगी। इसके साथ ही कोहरे में भी वृद्धि होगी।