यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 13, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
जौनपुर में कच्चे मकान में लगी आग, तीन मासूमों संग जिंदा जली मां
अंदर सो रहे सभी लोगों के चीखने-चिल्लाने की भी आवाज आने लगी, इतने में गांव के लोग भी दौड़कर मौके पर पहुंच गए।

जौनपुर (जेएनएन)। दाऊदपुर गांव की दलित बस्ती स्थित एक कच्चे मकान में शुक्रवार की रात तकरीबन दो बजे लगी आग से तीन मासूमों संग मां जिंदा जलकर मर गई। इस भयानक हादसे का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। रात में ही पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया। शनिवार की सुबह डीएम सर्वज्ञ राम मिश्र और एसपी शैलेष कुमार पांडेय ने भी घटना स्थल का जायजा लिया।
जानकारी हासिल करने के बाद अधिकारियों ने हर संभव मदद देने का भरोसा दिलाया। बरसठी थाना क्षेत्र के दाऊदपुर गांव में दुर्बली राम का कच्चा मकान है। वे अपनी पत्नी व पुत्र उमेश के साथ घर के बाहर सो रहे थे, जबकि उमेश की पत्नी कुमुम (28), पुत्री अंजली (7), अंशिका (5) और आयुषी (2) के साथ कच्चे मकान में कमरा बंद कर सो रही थी। परिवार के लोगों के मुताबिक रात करीब दो बजे घर में आग लग गई।
अंदर सो रहे सभी लोगों के चीखने-चिल्लाने की भी आवाज आने लगी। इतने में गांव के लोग भी दौड़कर मौके पर पहुंच गए। आग की विभीषिका के कारण कोई अंदर घुसने की हिम्मत नहीं कर सका। ग्रामीण किसी तरह हैंडपंप और पंपसेट के सहारे आग बुझाने में जुटे किंतु तब तक तीनों जलकर मर चुके थे।
यह भी पढ़ें: भाजपा सांसद साक्षी महाराज ने गोरखपुर की घटना को बताया नरसंहार
आग बुझने पर अंदर जाकर देखा गया तो जली लकड़ियों के नीचे लाशें दबी थीं। लकड़िया हटाई गईं तो तीनों लाशों का करीब आधा हिस्सा जलकर खाक हो चुका था। जिलाधिकारी सर्वज्ञ राम मिश्र के अनुसार, प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट होने से ही घटना प्रतीत हो रही है, फिर भी फोरेंसिक टीम को लगाकर इसकी जांच कराई जा रही है।
