पराली जलाने के आरोप में किसान गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने खेत में पराली जलाने के आरोप में गुरुवार को एक किसान को गिरफ्तार कर लिया। किसी ने पुलिस को फोन पर सूचना दी कि मिर्जापुर पहाड़पुर गांव निवासी किसान जमुना प्रसाद धान की फसल की कटाई के बाद खेत में ही पराली जला रहा है।
जासं, मछलीशहर (जौनपुर): कोतवाली पुलिस ने खेत में पराली जलाने के आरोप में गुरुवार को एक किसान को गिरफ्तार कर लिया। किसी ने पुलिस को फोन पर सूचना दी कि मिर्जापुर पहाड़पुर गांव निवासी किसान जमुना प्रसाद धान के फसल की कटाई के बाद खेत में ही पराली जला रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिकायत सही पाए जाने पर जमुना प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। इसकी सूचना उप जिलाधिकारी को दे दी है। मालूम हो कि गत मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस में आए जिलाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने पुलिस प्रशासन को पराली जलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की सख्त हिदायत दी थी। कोतवाल पंकज पांडेय ने किसानों से अपील की है कि खेत में पराली न जलाएं। साथ ही चेतावनी दी है कि इसकी अनदेखी करने पर गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।