पीछा कर रहे सिपाहियों पर तमंचा तान भागे बदमाश
खेतासराय (जौनपुर): हौसलाबुलंद बदमाशों ने बुधवार की रात पीछा कर रहे यूपी-100 के दो पुलिस जवानों पर तमंचा तान दिया। सहम गए सिपाही जाने बचाने के लिए गांव में भागे।
जागरण संवाददाता, खेतासराय (जौनपुर): हौसलाबुलंद बदमाशों ने बुधवार की रात पीछा कर रहे यूपी-100 के दो पुलिस जवानों पर तमंचा तान दिया। सहम गए सिपाही जाने बचाने के लिए गांव में भागे। कुछ देर बाद ग्रामीणों को साथ लेकर आए लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। पुलिस ने घंटों घेराबंदी की लेकिन बदमाश हाथ नहीं लग सके।
नगर में रात करीब एक बजे बाइक सवार दो बदमाश चोरी की नीयत से एक बाइक का लॉक तोड़ने का प्रयास कर रहे थे। उसी समय गश्त करते पहुंचे यूपी-100 के दोपहिया वाहन सवार दो जवानों ने ललकारा तो वे जौनपुर की तरफ भागने लगे। सिपाहियों ने पीछा कर लिया। मनेछा बाजार में सिपाही जब बदमाशों के काफी करीब पहुंच गए तो पकड़े जाने की डर से पीछे बैठे बदमाश ने सिपाहियों पर तमंचा तान दिया। सिपाही सहम गए और उन्हें पकड़ने की बजाय खुद जान बचाने के लिए मनेछा गांव में भाग गए। सिपाहियों के वाहन के हूटर की आवाज सुनकर गांव लोग जाग गए। भयभीत लग रहे सिपाहियों ने ग्रामीणों को पूरी घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों को साथ लेकर सिपाही सड़क पर आए लेकिन तब तक बदमाश भाग चुके थे। सूचना थाने पहुंचने पर महकमे में हड़कंप मच गया। भारी संख्या में पहुंची फोर्स ने घंटों जगह-जगह घेराबंदी की लेकिन बदमाश हाथ नहीं लग सके। इस बारे में पूछने पर थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर जगदीश कुशवाहा ने घटना से अनभिज्ञता जताई।