प्रेमिका संग पकड़ाया सिपाही, करनी पड़ी शादी
प्रेमिका संग परिजनों द्वारा रंगे हाथ पकड़ लिए जाने पर शुरूआती ना-नुकुर के बाद सिपाही को शादी रचानी पड़ी। चंदवक थाने में रात भर पंचायत होने पर शनिवार की सुबह नगर के गोमतेश्वर महादेव धाम में दोनों सात फेरे लेकर जीवन साथी बन गए। प्रकरण चर्चा का विषय बन गया है।
जागरण संवाददाता, केराकत (जौनपुर): प्रेमिका संग परिजनों द्वारा रंगे हाथ पकड़े जाने पर शुरूआती ना-नुकुर के बाद सिपाही को शादी रचानी ही पड़ी। चंदवक थाने में रात भर पंचायत होने पर शनिवार की सुबह नगर के गोमतेश्वर महादेव धाम में दोनों सात फेरे लेकर जीवन साथी बन गए। प्रकरण चर्चा का विषय बन गया है।
पड़ोसी जिले आजमगढ़ के लालगंज तहसील क्षेत्र के एक गांव का निवासी अनुसूचित जाति का सिपाही चंदौली जिले में तैनात है। उसका चंदवक थाना क्षेत्र के एक गांव की इंटरमीडिएट में पढ़ने वाली सजातीय छात्रा से प्रेम प्रपंच चल रहा था। इन दिनों छुट्टी पर घर आया सिपाही शुक्रवार को प्रेमिका को सुबह से ही लेकर कहीं गायब हो गया। देर शाम तक छात्रा घर नहीं पहुंची तो परेशान परिजन उसकी तलाश करने लगे। रात आठ बजे वह खुज्झी मोड़ के पास सिपाही के साथ मिल गई। पूछताछ करने पर पता चला कि वह सुबह से ही छात्रा को लेकर घूम-टहल रहा था। एतराज करने पर वह सिपाही होने का धौंस जमाने लगा। परिजनों ने यूपी-100 पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सिपाही को ले जाकर चंदवक थाने में बैठा दिया। वहीं रात भर पंचायत चली। छात्रा के परिजन शादी के लिए दबाव बनाने लगे। सिपाही ने पहले तो टाल-मटोल किया लेकिन सुबह होते-होते शादी के लिए राजी हो गया। परिजनों संग प्रेमी-प्रेमिका शनिवार की सुबह गोमतेश्वर महादेव धाम आए। दोनों ने ईश्वर को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और जीवनसाथी बन गए।