प्रदेश अध्यक्ष पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस में उबाल
उन्नाव कांड के विरोध में विधानसभा का घेराव करने जा रहे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू व अन्य कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा लाठी चार्ज किया जाना नितांत दुर्भाग्यपूर्ण है। पार्टी कार्यकर्ता सरकार के इस तानाशाही का जवाब देने के लिए तैयार हैं। उक्त बातें पार्टी जिलाध्यक्ष फैसल हसन तबरेज ने नगर के जोगियापुर मोहल्ले में प्रदेश सरकार के पुतला दहन के दौरान कही।
जागरण संवाददाता, जौनपुर : उन्नाव कांड के विरोध में विधानसभा का घेराव करने जा रहे कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू व अन्य कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किया जाना नितांत दुर्भाग्यपूर्ण है। पार्टी कार्यकर्ता सरकार के इस तानाशाही का जवाब देने के लिए तैयार हैं। उक्त बातें पार्टी जिलाध्यक्ष फैसल हसन तबरेज ने नगर के जोगियापुर मोहल्ले में प्रदेश सरकार के पुतला दहन के दौरान कही। इसके पहले पार्टी के पूर्व प्रदेश सचिव राजेश सिंह व जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में एकत्र कार्यकर्ताओं ने सरकार के विरोध में नारेबाजी कर अपना आक्रोश जताया।
पार्टी नेताओं ने कहा कि उन्नाव सहित इस प्रकार की अस्सी से अधिक घटनाएं इस बात की गवाह हैं कि प्रदेश सरकार अन्य मुद्दों के साथ ही कानून व्यवस्था के मामले में भी पूरी तरह फेल है। जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस सरकार में नैतिकता नाम की अब कोई चीज नहीं बची है। हम प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री से इस्तीफे की मांग करते हैं। अगर वह बेटियों को सुरक्षा नहीं दे सकते तो उन्हें मुख्यमंत्री पद पर बने रहने का कोई अधिकार नहीं है। विरोध प्रदर्शन में राकेश सिंह, आजम जैदी, नीरज राय, ज्ञानेश सिंह, निसार इलाही, राज कुमार गुप्ता, मुकेश श्रीवास्तव, धर्मेंद्र निषाद, विशाल सिह हुकुम आदि मौजूद थे।
उधर यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सत्यवीर सिंह के नेतृत्व में नगर के शाहगंज पड़ाव पर उन्नाव कांड के विरोध में प्रदेश सरकार का पुतला फूंका गया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में जघन्य वारदातों की बाढ़ सी आ गई है, लेकिन भाजपा सरकार के कानों पर जूं नहीं रेंग रहा है। बेटी बचाओ का नारा देने वाली यह सरकार बेटियों की सुरक्षा कर पाने में पूर्ण रूपेण विफल है।
प्रदेश में आए दिन बहन बेटियों की अस्मिता के साथ खिलवाड़ हो रहा है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ता चुप बैठने वाले नहीं हैं। युवा नेता गौरव सिंह सनी ने कहा कि बलात्कार और हत्या की घटनाओं में इजाफा चितनीय है। यह इस बात का सबूत है कि सरकार अपराधियों पर काबू पाने में विफल है। पुतला दहन के दौरान साजिद मानू, सृजन सिंह, सत्यम श्रीवास्तव, सूरज सिंह, कमल मलिक, मोहम्मद फजल मोहम्मद आरिफ आदि मौजूद रहे।