मास्क न लगाने पर 303 का चालान, 1.39 लाख जुर्माना वसूला
कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर प्रदेश में लागू 55 घंटे के प्रदेशव्यापी प्रतिबंध के दौरान शनिवार को पूरे जिले में पुलिस महकमा लॉकडाउन-1 तेवर में नजर आया। बिना मॉस्क के मिले होमगार्ड समेत 303 लोगों का चालान कर 1.39 लाख रुपये जुर्माना वसूल किया।
जागरण संवाददाता, जौनपुर: पूरे जिले में पुलिस महकमा शनिवार को तेवर में नजर आया। बिना मॉस्क के मिले होमगार्ड समेत 303 लोगों का चालान कर 1.39 लाख रुपये जुर्माना वसूल किया। करीब एक सौ दोपहिया वाहनों का चालान कर दिया। दो दर्जन से ज्यादा व्यक्तियों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया।
एसपी अशोक कुमार के निर्देश पर शनिवार की सुबह से पूरे जिले में चलाए गए अभियान के दौरान बिना मॉस्क के मिले व्यक्तियों का चालान किया गया। बैरियरों, नाकों व विभिन्न स्थानों पर चेकिग के दौरान नियम का उल्लंघन करने पर करीब एक सौ दुपहिया वाहनों का चालान कर दिया गया। सरपतहां थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज पांडेय ने गश्त के समय विभिन्न बाजारों में बिना वजह घूमते पाए जाने पर छह व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया। मड़ियाहूं के एसडीएम कौशलेश मिश्र, सीओ विजय सिंह ने मय फोर्स चेकिग के दौरान तीन दर्जन से अधिक वाहनों का चालान कर दिया। दुकान खुली पाए जाने पर तीन दुकानदारों का चालान कर दिया। बदलापुर में भी चार दुकानदारों से एक-एक हजार रुपये जुर्माना वसूल किया गया। कई को हिरासत में ले लिया। जमालापुर पुलिस चौकी प्रभारी इंचार्ज ईश्वर चंद त्रिपाठी ने बिना मॉस्क व दो सवारी पाए जाने पर 22 दोपहिया वाहनों का चालान किया। थानाध्यक्ष जलालपुर ओम नारायण सिंह ने मय फोर्स चेकिग के दौरान दो दर्जन चारपहिया व दोपहिया वाहनों का चालान किया। मॉस्क न लगाने पर करीब दो दर्जन का चालान किया।
-
होमगार्ड का भी चालान, भरा जुर्माना
एसपी अशोक कुमार ने शहर में भ्रमण के दौरान ओलंदगंज में बिना मॉस्क लगाए ड्यूटी कर रहे होमगार्ड के जवान रवि कुमार यादव निवासी ग्राम जमैथा थाना जफराबाद का कोतावली प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार उपाध्याय से चालान कराकर पांच सौ रुपये जुर्माना अदा कराया।
-
खुद नियम का उल्लंघन कर दूसरों का चालान काट रहे
मीरगंज (जौनपुर): पुलिस मास्क न लगाने वालों से इस तरह पेश आ रही है जैसे किसी इनामी अपराधी को पकड़ लिया हो और खुद शासनादेश का उल्लंघन कर रही है। इसकी बानगी शनिवार को मीरपुर बाजार के समीप देखने को मिली। जब बाजार में मीरगंज थानाध्यक्ष द्वारा बिना मास्क लगाए ही चालान काटा जा रहा था। राहगीरों की मानें तो पुलिस कर्मी मास्क को हर समय चेहरे पर न लगाकर कान से लटकाए रहते हैं। खुद मास्क न लगाकर भी मास्क न लगाने वालों का चालान करते हैं और राहगीरों को मास्क लगाने की हिदायत देते हैं। पुलिस का यह काम लोगों में चर्चा का विषय बना रहा।