दूल्हे को नशे में धुत देख भड़की दुल्हन, नहीं हुई शादी
सिधाई गांव में शनिवार की रात वैवाहिक कार्यक्रम में उस समय रंग में भंग पड़ गया जब दूल्हे को नशे में धुत देख दुल्हन ने शादी करने से इन्कार कर दिया। घरातियों ने बरातियों को बंधक बना लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कन्या पक्ष को समझा-बुझाकर स्थिति संभालते हुए बरातियों को मुक्त कराया। शादी नहीं होने के कारण बरात बैरंग लौट गई।
जागरण संवाददाता, शाहगंज (जौनपुर): सिधाई गांव में शनिवार की रात वैवाहिक कार्यक्रम में उस समय रंग में भंग पड़ गया जब दूल्हे को नशे में धुत देख दुल्हन ने शादी करने से इन्कार कर दिया। घरातियों ने बरातियों को बंधक बना लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने कन्या पक्ष को समझा-बुझाकर स्थिति संभालते हुए बरातियों को मुक्त कराया। शादी नहीं होने के कारण बरात बैरंग लौट गई।
उक्त गांव निवासी केशव प्रसाद यादव की पुत्री बबिता की शादी पड़ोसी जिले आजमगढ़ के सरायमीर थाना क्षेत्र के छित्तूपट्टी निवासी दीपचंद यादव के पुत्र रामू यादव के साथ होनी तय हुई थी। नियत दिन शनिवार को धूमधाम से बरात केशव के दरवाजे पर पहुंची। घरातियों ने बरातियों की खूब आवभगत की। द्वारपूजा की रस्म के समय किसी बात को लेकर बरातियों व घरातियों में कहासुनी और हाथापाई होने लगी। लोग तब भौंचक रह गए जब दूल्हा भी हंगामा करने लगा। दूल्हे के नशे में धुत होने की बात पता चलने पर दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया। घरातियों ने बात बिगड़ते ही बराती पक्ष के लोगों को बंधक बना लिया। किसी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दुल्हन को समझा-बुझाकर शादी के लिए राजी करने का प्रयास किया लेकिन दुल्हन ने दो टूक कह दिया कि वह शराबी के साथ शादी कर जिदगी बर्बाद नहीं करेगी। तब पुलिस ने सुलह-समझौते की कोशिशें शुरू की। दोनों पक्षों के बीच रुपये के लेन-देन के बाद बंधक बनाए गए बरातियों को घरातियों ने मुक्त कर दिया। बरात बैरंग वापस लौट गई। यह प्रकरण चर्चा का विषय बना हुआ है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप