विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने अंतिम चेतावनी जारी, स्कूटी योजना में पंजीकरण-सत्यापन का अंतिम मौका

By khalid shah Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 18 Sep 2026 05:57 PM (IST)

वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत पंजीकरण और आधार सत्यापन के लिए 19 सितंबर ...और पढ़ें

पूर्वांचल विश्वविद्यालय स्कूटी योजना: पंजीकरण और सत्यापन का अंतिम अवसर, 19 सितंबर तक करें पूरा।

पूर्वांचल विश्वविद्यालय स्कूटी योजना: पंजीकरण और सत्यापन का अंतिम अवसर, 19 सितंबर तक करें पूरा।

HighLights

  1. स्कूटी योजना पंजीकरण-सत्यापन की अंतिम तिथि 19 सितंबर।

  2. अनाथ, दिव्यांग, शहीद परिवार छात्राओं को विशेष पात्रता।

  3. विश्वविद्यालय ने महाविद्यालयों को निगरानी का निर्देश दिया।

जागरण संवाददाता, मल्हनी (जौनपुर)। रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के तहत पात्र छात्राओं के विश्वविद्यालय पंजीकरण और आधार सत्यापन के लिए वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने अंतिम चेतावनी जारी की है।विश्वविद्यालय स्तर पर तैयार पात्रता सूची में न्यूनतम 78.66 प्रतिशत अंक वाली 1535 छात्राओं को शामिल किया गया है। इनमें जिन छात्राओं का अभी तक पंजीकरण या आधार सत्यापन पूरा नहीं हुआ है, उन्हें 19 सितंबर को शाम चार बजे तक प्रक्रिया पूरी करने का अंतिम अवसर दिया गया है।

परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनोद कुमार सिंह की ओर से संबद्ध महाविद्यालयों के प्राचार्य और प्राचार्याओं को जारी पत्र में कहा गया है कि सूची में शामिल छात्राओं का विश्वविद्यालय पंजीकरण और आधार सत्यापन निर्धारित समय में अनिवार्य रूप से पूरा कराया जाए। जिन छात्राओं का पंजीकरण हो चुका है, लेकिन आधार सत्यापन लंबित है, उनका भी सत्यापन इसी समय सीमा में कराने के निर्देश दिए गए हैं।

विश्वविद्यालय ने विशेष श्रेणी की छात्राओं के लिए भी प्रावधान किया है। ऐसे परिवारों की छात्राएं, जिनके माता-पिता में से कोई एक या दोनों जीवित नहीं हैं और परिवार में उनका भरण-पोषण करने वाला कोई नहीं है, 68.66 प्रतिशत से अधिक अंक होने पर नियमानुसार पात्रता के दायरे में आएंगी। इसी तरह दिव्यांग और शहीद परिवार से संबंधित छात्राएं भी निर्धारित अंक होने पर योजना के लिए पंजीकरण और आधार सत्यापन करा सकेंगी।

इन छात्राओं के प्रमाणपत्र और अन्य अभिलेखों का सत्यापन महाविद्यालय स्तर पर किया जाएगा।परीक्षा नियंत्रक ने प्राचार्यों को व्यक्तिगत रूप से निगरानी करते हुए प्रक्रिया समय से पूरी कराने को कहा है। पत्र में स्पष्ट किया गया है कि 19 सितंबर शाम चार बजे के बाद पोर्टल बंद हो जाएगा और अतिरिक्त अवसर नहीं दिया जाएगा। महाविद्यालयों से पात्र छात्राओं को तत्काल सूचना देकर निर्धारित समय सीमा में प्रक्रिया पूरी कराने के निर्देश दिए गए हैं।