बहुजन क्रांति मोर्चा का ईवीएम के खिलाफ प्रदर्शन
लोकतंत्र बचाओ-संविधान बचाओ अभियान के तहत बहुजन क्रांति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला एवं मछलीशहर छोड़कर अन्य तहसील मुख्यालयों पर ईवीएम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, जौनपुर: 'लोकतंत्र बचाओ-संविधान बचाओ' अभियान के तहत बहुजन क्रांति मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को जिला एवं मछलीशहर छोड़कर अन्य तहसील मुख्यालयों पर ईवीएम के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने लोकतंत्र व संविधान विरोधी नियमों की प्रतियां फूंकीं।
मोर्चा के राष्ट्रीय संयोजक वामन मेश्राम के आह्वान पर दीवानी न्यायालय तिराहा स्थित आंबेडकर पार्क में जिला संयोजक राजेश गौतम के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन करते हुए प्रतियों को फूंका। कहा कि जब तक ईवीएम में पड़े वोटों की गिनती वीवीपैट से निकलने वाली सभी कागजी मतपत्रों के जरिए होने की व्यवस्था नहीं की जाएगी तब तक घोटाला होना तय है। शाहगंज तहसील मुख्यालय पर प्रभाकर, बदलापुर में डा. इंद्रजीत भंडारी, मड़ियाहूं में राजा साहब व केराकत में इंद्रसेन आदिवासी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन कर नियमों की प्रतियां फूंकीं।