आटो पर लगेंगे स्टीकर, होगा रूट का निर्धारण
नगर की यातायात व्यवस्था सुधारने के क्रम में वन-वे सिस्टम के बाद एक और पहल की गई है। अब चल रहे सभी आटो व ई-रिक्शा पर स्टीकर लगाने के साथ ही उनका रूट भी निर्धारित किया जाएगा।
जागरण संवाददाता, जौनपुर: नगर की यातायात व्यवस्था सुधारने के क्रम में वन-वे सिस्टम के बाद एक और पहल की गई है। अब चल रहे सभी आटो व ई-रिक्शा पर स्टीकर लगाने के साथ ही उनका रूट भी निर्धारित किया जाएगा। इससे न सिर्फ चल रहे ई-रिक्शा की जानकारी प्रशासन के पास उपलब्ध होगी, बल्कि जाम से भी निजात मिल सकेगा। इस तैयारी में एआरटीओ के साथ ही यातायात पुलिस की मदद ली जाएगी। नवंबर माह के अंत तक इस प्रक्रिया के पूरी कर लिए जाने की संभावना है। नियम तोड़ने वालों पर भारी भरकम जुर्माना भी लगाया जाएगा।
आटो व ई-रिक्शा पर लाल, हरा व पीला स्टीकर लगाया जाएगा। साथ ही संबंधित ऑटो का परमिट नंबर वैधता के साथ अंकित होगा। इससे बिना परमिट सड़कों पर दौड़ रहे आटो को सीज करना आसान हो जाएगा। इसके अलावा ई-रिक्शा का रजिस्ट्रेशन नंबर चस्पा रहेगा। स्टीकरों पर आटो व ई-रिक्शा रूट निर्धारित रहेगा। नियम तोड़ने वाले वाहनों पर अभियान के तहत कार्रवाई की जाएगी। वन-वे सिस्टम के बाद भी लगातार बढ़ रहे आटो व ई-रिक्शा से प्रमुख मार्गों व चौराहों पर जाम लग रहा है। दोपहर में स्कूलों के छुट्टी के दौरान स्थिति और खराब हो जा रही है। मौजूदा समय में नगर में तकरीबन चार से पांच हजार आटो व ई-रिक्शा चल रहे हैं। सड़कों पर दौड़ रहे अधिकतर आटो ऐसे हैं, जिनके परमिट समाप्त हो चुके हैं, जबकि तमाम ई-रिक्शा का भी पंजीकरण नहीं हुआ है। पूर्व पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी के निर्देश पर सफर सुरक्षित रखने के लिहाज से आटो व ई-रिक्शा पर जाली लगवाए गए। योजना को मूर्त रूप देने के लिए अलग-अलग चार रूट निर्धारित किया जाएगा। निर्धारित किए गए रूट पर अलग-अलग स्टीकर चस्पा होगा। नगर में चल रहे आटो व ई-रिक्शा चालक चयनित रूटों के इतर नहीं जा सकेंगे।
वर्जन
इस नियम को महज नगर में लागू किया जाएगा। इस मुहिम में ट्रैफिक पुलिस के साथ ही नगर पालिका परिषद की भी सहभागिता होगी। कुल चार रूट बनाए जाएंगे। इस दिशा में कार्य किया जा रहा है। सभी औपचारिकताओं को जल्द पूर्ण करने का प्रयास किया जा रहा है।
-उदयवीर सिंह, एआरटीओ।