पिता की तहरीर पर पति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज
सादात बिदुली गांव में रविवार को संदिग्ध स्थिति में विवाहिता की मड़हे में झुलसने से मौत हो गई। मृतका के पिता ने थाने में तहरीर देकर अपने दामाद पर दहेज के लिए जिदा जला देने का आरोप लगाया है। आरोपित पति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जासं, सिकरारा (जौनपुर): सादात बिदुली गांव में रविवार को संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मड़हे में झुलसने से मौत हो गई। मृतका के पिता ने थाने में तहरीर देकर अपने दामाद पर दहेज के लिए जिदा जलाने का आरोप लगाया है। आरोपित पति के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस छानबीन में जुटी है। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गांव के अनंत प्रसाद के रिहायशी मड़हे में रविवार की देरशाम संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। मड़हे में मौजूद उसकी पुत्रवधू सोना देवी (21) पत्नी सोनू की बुरी तरह झुलसने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। मृत सोना देवी बक्शा थाना क्षेत्र के खुंशापुर गांव निवासी बृजलाल निषाद की पुत्री थी। उसकी शादी करीब साल भर पहले हुई थी। बृजलाल ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि शादी में कम दहेज को लेकर सोनू अक्सर उसकी बेटी को प्रताड़ित करता था। मांग पूरी न होने पर सोनू ने उसे मड़हे में आग लगाकर जिदा जला दिया। थाना प्रभारी विनय प्रकाश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर फरार पति की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।