पोर्टल पर आधार अपलोड किए बिना बर्थ-डेथ सर्टिफिकेट जारी नहीं कर सकेंगे सचिव,जौनपुर में लागू हुई नई व्यवस्था
जौनपुर में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। ...और पढ़ें

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई।
सचिवों को सीआरएस पोर्टल पर आधार अपलोड करना अनिवार्य होगा।
फर्जी प्रमाण पत्रों पर अंकुश लगेगा, प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी।
जागरण संवाददाता, जौनपुर। जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। अब सीआरएस (सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम) पोर्टल पर आधार कार्ड अपलोड किए बिना ग्राम पंचायतों के सचिव जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं कर सकेंगे। यह व्यवस्था फर्जी तरह से जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र पर अंकुश लगाने के लिए उद्देश्य से की गई है।
सीएमओ कार्यालय को सभी सचिवों का आधार कार्ड पोर्टल से लिंक कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस प्रक्रिया से आधार कार्ड अंकित होने की वजह से प्रमाण पत्र जारी करने में किसी भी प्रकार की अनियमितता करने पर संबंधित कर्मचारी की पहचान भी आसानी हो सकेगी।
जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने को लेकर बनाए गए सख्त नियम के बाद भी कहीं-कहीं फर्जी तरह से इसे जारी करने के मामले सामने आते रहते हैं, जो अब नहीं किया जा सकेगा। आधार कार्ड का ब्योरा अंकित होने से संबंधित सचिव ने कब व कहां कितने जन्म अथवा मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए इसकी निगरानी भी आसान हो सकेगी।
बीते वर्ष पकड़ाया था गिरोह, पांच हुए थे गिरफ्तार
चार दिसंबर 2025 को पंचायत विभाग, ग्रामीण विकास विभाग व स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए गए ई-मेल व पासवर्ड को हैक कर जन्म प्रमाण पत्र बनवाने वाले पांच अतंरजनपदीय जालसाजों को तत्कालीन अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव ने गिरफ्तार किया था। इन जालसाजों ने देशभर में तकरीबन दो हजार जन्म प्रमाण पत्र इसी तरह से तैयार किए थे। इसमें उत्तराखंड, उत्तरप्रदेश, महाराष्ट्र के पांच सौ से अधिक जन्म प्रमाण पत्र बरामद किए गए थे।
इन सभी के पास तीनों राज्यों के ग्राम पंचायत अधिकारी के लागिन व पासवर्ड भी मिले थे। गिरोह के मास्टर माइंड लखनऊ के प्रेम विहारी कालोनी निवासी अभिषेक गुप्ता था।
इसके अलावा मधुबनी बिहार के खैरीबाकर निवासी राशिद, अमरोहा के डगरौली निवासी राजीव कुमार, गौतमबुद्ध नगर के हैबतपुर निवासी राजकुमार उर्फ विक्की व मऊ के टेकई निवासी अंकित यादव उर्फ शुभम यादव भी जालसाजी में शामिल था।
जन्म व मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने को लेकर सख्त कर दिए हैं। सभी सचिवों का सीआरएस पोर्टल पर आधार कार्ड संख्या अपलोड किया जा रहा है। बिना इस प्रक्रिया को पूरा किए सचिव प्रमाण पत्र जारी नहीं कर सकेंगे। -गंगाराम गौतम, सीएमओ।
