आग से 20 रिहायशी छप्पर जलकर राख
शाहपुर सानी गांव में मंगलवार की रात आग की चपेट में आने से 20 रिहायशी छप्पर जलकर राख हो गए। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। यह छप्पर नौ परिवारों के थे, जिनके गृहस्थी के संपूर्ण सामान जलकर नष्ट हो गए।
जागरण संवाददाता, खुटहन (जौनपुर) : शाहपुर सानी गांव में मंगलवार की रात आग की चपेट में आने से 20 रिहायशी छप्पर जलकर राख हो गए। आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। यह छप्पर नौ परिवारों के थे, जिनके गृहस्थी के संपूर्ण सामान जलकर नष्ट हो गए।
गांव के लोग भोजन करने के बाद सो रहे थे। संदीप यादव भी अपने परिवार के सदस्यों समेत रिहायशी छप्पर में सो रहे थे। आधी रात में उसके छप्पर से अचानक आग की लपटे उठने लगी। जानकारी होते ही वह परिवार के सदस्यों समेत बाहर आए और शोर मचाए। जिसे सुनकर आस-पास के छप्परों में सो रहे लोग भी बाहर आ गए। देखते ही देखते संदीप के तीन छप्पर आग से जल गए। ग्रामीण पं¨पग सेट और हैंडपंप के पानी से आग बुझाने का प्रयास करते तब तक आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। इसके चलते अखिलेश यादव का तीन तथा सुशील यादव, कलावती देवी, श्याम नारायण यादव, शेष नारायण यादव, हृदय नारायण, महंथराज, धनंजय यादव के दो-दो रिहायशी छप्पर को आग ने अपनी आगोश में ले लिया। पीड़ितों के मुताबिक इस अग्निकांड में डेढ़ लाख से अधिक की क्षति का अनुमान है। इसमें सर्वाधिक संदीप और अखिलेश यादव का नुकसान हुआ। दोनों के परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। सुबह जानकारी होने पर राजस्व निरीक्षक बदलापुर विजय कुमार मौके पर पहुंचे और क्षति का आंकलन किया।