जिदा जले 20 मवेशी, हजारों के सामान भी खाक
जिदा जले 20 मवेशी हजारों के सामान भी खाक
जागरण संवाददाता, जौनपुर: रविवार की रात अलग-अलग स्थानों पर अगलगी की घटनाओं में 20 मवेशी जिदा जल गए। आग की चपेट में आने से हजारों रुपये मूल्य के गृहस्थी के सामान भी खाक हो गए। एक घटना में पीड़ति ने किसी अराजकतत्व द्वारा आग लगाए जाने का अंदेशा जताया है।
खेतासराय थाना क्षेत्र के कनवरिया गांव निवासी दूधनाथ गौतम ने घर के बगल मड़हे में आजीविका के साधन के लिए बकरी पालन कर रखा था। आरोप है कि किसी अराजकतत्व ने मड़हे को आग के हवाले कर दिया। पलक झपकते ही मड़हा धू-धू कर जलने लगा। उसमें बंधे 16 बकरियां व बकरे भी आग की चपेट में आ गए। दूधनाथ गौतम व उनके स्वजनों के शोर मचाने पर जुट गए पास-पड़ोस के लोगों ने आग बुझाने का भरपूर प्रयास किया लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सभी 16 बकरियां व बकरे जिदा जल गए। पीड़ित दूधनाथ की सूचना पर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
पंवारा थाना क्षेत्र के आदेपुर गांव निवासी फूलचंद्र बिद के घर से सटे मड़हे में बनाए गए निजी पशुशाला में रहस्यमय परिस्थितियों में आग लग गई। आस-पास के लोगों की मदद से घंटों मशक्कत के बाद आग बुझाई जा सकी लेकिन तब तक पशुशाला में बंधे एक-एक भेंड़, बकरी व बछड़े की मौत हो चुकी थी। गाय भी बुरी तरह से झुलस गई।
उधर, सिकरारा थाना क्षेत्र के सेमरी बिसावां गांव की अनुसूचित बस्ती के निवासी राजेश रविवार की रात करीब 11 बजे लघु शंका समाधान करने के लिए जागे तो देखा कि उनके मड़हे से आग की लपटें उठ रही थीं। उसमें बंधी दो भैंस आग की चपेट में आकर झुलस रही थीं। शोर मचाने पर जुटे लोगों ने आग बुझाने की भरसक कोशिश की। अथक प्रयास के बाद आग बुझा तो ली लेकिन तब तक एक भैंस झुलसकर मर चुकी थी। दूसरी भैंस भी बुरी तरह से झुलस चुकी थी। मड़हे में रखी साइकिल, हजारों रुपये मूल्य के अनाज व गृहस्थी के सामान भी खाक हो चुके थे। पीड़ति राजेश के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।