जिला पंचायत सदस्य के 83 पदों पर 1467 ने किया नामांकन
जिले में प्रथम चरण में हो रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नामांकन क
जागरण संवाददाता, जौनपुर : जिले में प्रथम चरण में हो रहे त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के नामांकन के अंतिम दिन रविवार को कलेक्ट्रेट में जिला पंचायत सदस्य 83 पदों के लिए कुल 1467 दावेदारों ने नामांकन किया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई। हालांकि दावेदारों व उनके समर्थकों ने कोविड-19 के सभी मानकों को तार-तार कर दिया। ऐसे में इसको संभालने में आरओ व पुलिस प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वहीं सभी 21 ब्लाकों में ग्राम प्रधान के 1740, क्षेत्र पंचायत के 2027 व ग्राम पंचायत सदस्य के 21729 पदों के लिए दावेदारों में पर्चा दाखिल किया।
नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब पांच अप्रैल को जिला मुख्यालय व ब्लाकों पर सुबह आठ बजे से नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। सात अप्रैल को सुबह आठ से दोपहर तीन बजे तक नामवापसी होगी। प्रतीक आवंटन भी सात अप्रैल को तीन बजे से कार्य समाप्ति तक किया जाएगा। मतदान 15 अप्रैल को सुबह सात बजे से सायं छह बजे तक। मतगणना दो मई को ब्लाकों पर सुबह आठ बजे से कार्य समाप्ति तक होगा।
नामांकन के लिए शनिवार व रविवार को निर्धारित समय सुबह आठ बजे से ही दावेदारों की कतार लगनी शुरू हो गई थी। कोविड-19 से बचाव के लिए कोविड हेल्प डेस्क भी बनाया गया था। जिससे होकर दावेदार व उनके समर्थकों को नामांकन कक्ष में प्रवेश दिया जा रहा था। जिला पंचायत सदस्य पद का नामांकन आरओ व अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व राजकुमार द्विवेदी के नेतृत्व में कराया गया। यहां एआरओ लगाकर वार्ड के हिसाब से कोर्ट संख्या 11, 12, 13, 14, 15, 17, 18 में नामांकन हुआ। सभी कोर्ट के बाहर वार्ड संख्या अंकित की गई थी। इन प्रमुख लोगों ने किया जिला पंचायत सदस्य पद पर नामांकन..
शाहगंज नगर पालिका चेयरमैन गीता जायसवाल की जेठानी माधुरी जायसवाल ने भाजपा से वार्ड संख्या 17 से नामांकन किया है। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष कमला सिंह वार्ड संख्या 14 से, निवर्तमान सिंह जिला पंचायत अध्यक्ष राज बहादुर यादव की पत्नी राजकुमारी यादव ने वार्ड संख्या 45 से, मिस इंडिया रनर अप दीक्षा सिंह वार्ड संख्या 26 से, भाजपा जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह की चाची शीला सिंह निर्दल वार्ड संख्या 14 से, भाजपा नेता प्रबुद्ध दुबे की पत्नी बिदु दुबे ने भाजपा से वार्ड संख्या 24 से, पूर्व सांसद हरिवंश सिंह की पुत्र वधू नीलम सिंह ने वार्ड लंख्या 16 से, सपा नेता बिद्रा प्रसाद यादव के पुत्र विवेक यादव वार्ड संख्या 39 से, सदस्य लाल बहादुर शास्त्री हवाई अड्डा वाराणसी के संदीप द्विवेदी की पत्नी वार्ड संख्या 73 धर्मापुर से रीना दुबे, वार्ड संख्या 80 से भाजपा प्रत्याशी चिराग पांडेय ने नामांकन किया।
जिला पंचायत सदस्य के लिए वार्डवार नामांकन की स्थिति..
वार्ड एक में छह, दो में आठ, तीन में 20, चार में 17, पांच में 13, छह में 26, सात में 21, आठ में 14, नौ में 15, 10 में 16, 11 में 26, 12 में आठ, 13 में 15, 14 में 17, 15 में 19, 16 में 26, 17 में 31, 18 में 33, 19 में 19, 20 में 28, 21 में 22, 22 में 23, 23 में 21, 24 में 18, 25 में 14, 26 में 25, 27 में 19, 28 में 20, 29 में 32, 30 में 13, 31 में 15, 32 में 12, 33 में 15, 34 में 18, 35 में 17, 36 में 21, 37 में 25, 38 में 19, 39 में 19, 40 में 17, 41 में 9, 42 में 23, 43 में 26, 44 में 11, 45 में 12, 46 में 25, 47 में 14, 48 में 18, 49 में 17, 50 में 15, 51 में 32, 52 में 25, 53 में 12, 54 में 17, 55 में 19, 56 में 19, 57 में 24, 58 में सात, 59 में नौ, 60 में 20, 61 में 21, 62 में 14, 63 में 17, 64 में 19, 65 में 22, 66 में 10, 67 में 17, 68 में 14, 69 में 23, 70 में नौ, 71 में 12, 72 में 13, 73 में 16, 74 में नौ, 75 में 30, 76 में आठ, 77 में 16, 78 में 12, 79 में 18, 80 में 18, 81 में पांच, 82 में 10 व वार्ड संख्या 83 में 16 लोगों ने नामांकन किया है।