सड़क हादसों में तीन की मौत, मातम में बदला उत्सव
जागरण संवाददाता उरई जिले में हादसों की वजह से दीपावली का उत्सव कई परिवारों के लिए क
जागरण संवाददाता, उरई: जिले में हादसों की वजह से दीपावली का उत्सव कई परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला गम दे गया। अलग- अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए।
कुठौंद थाना क्षेत्र में बावली उमरी मार्ग पर बरी का पुरा के पास पड़ने वाले अंधे मोड़ पर 24 घंटे के भीतर दो बड़े हादसे हो गए। जमलापुर निवासी 40 वर्षीय विजय कुमार पुत्र मूलचारण बाइक से जा रहा था, इसी दौरान ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में विजय और साथ में बैठा उसका मित्र बंटी यादव पुत्र राजेन्द्र यादव निवासी शेखपुर अहीर गंभीर रूप से घायल हो गया। विजय ने रास्ते में उपचार के लिए ले जाते समय दम तोड़ दिया। बंटी को जिला अस्पताल से मेडिकल कालेज झांसी रेफर कर दिया गया है। इससे पहले शुक्रवार को बरी के पुरा मोड़ पर ही दो बाइकों में भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार विकास कुमार बाजपेई पुत्र अवध नारायण बाजपेई निवासी ग्राम बावली थाना कुठौंद और मोनू यादव पुत्र शिव सिंह यादव निवासी जिला शिवपुरी हाल निवास आलमपुर थाना कुठौंद गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुठौंद पहुंचाया। जहां पर हालत गंभीर देख दोनों को रेफर कर दिया गया। विकास वाजपेयी ने रास्ते में दम तोड़ दिया। मोनू अभी भी जिदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है।
कदौरा थाना क्षेत्र में ग्राम खुटमिली निवासी युवक कपिल पुत्र बब्बू शुक्रवार की शाम अपने घर बाइक से जा रहा था, तभी गांव के समीप सड़क पर अचानक बाइक अनियंत्रित होने पर वह गिर गया। जिससे उसे गंभीर चोटें आई, उसे सीएचसी ले जाया गया। नाजुक हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि गुरुवार को उरई कोतवाली क्षेत्र में कार की टक्कर से स्कूटी सवार ढाबा संचालक हदीश चिश्ती गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। ग्वालियर में उसका इलाज चल रहा था। हादसे के बाद मृतक के घर में मातम का माहौल है। अन्य सड़क हादसों में चार लोग घायल हो गए।