गड्ढे में फंसा ट्रक, लगा 10 किमी. लंबा जाम
संवाद सूत्र कुठौंद कुठौंद कस्बे से निकले जालौन-औरैया मार्ग के गड्ढे में रोजाना वाहनों क
संवाद सूत्र, कुठौंद : कुठौंद कस्बे से निकले जालौन-औरैया मार्ग के गड्ढे में रोजाना वाहनों के फंसने से जाम लगने लगा है। शुक्रवार की रात को भी एक ट्रक गड्ढे में फंस गया, जिससे सड़क के दोनों ओर दस किमी. लंबा जाम लग गया। शनिवार दोपहर बाद वाहनों ने रेंगना शुरू किया। वहीं बरात में शामिल वाहन भी फंस गए और लोग बेहाल रहे।
कस्बे की मुख्य सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे अब लोगों के लिए मुसीबत बनने लगे हैं। हालत यह है कि इन गड्ढों में रोजाना कोई न कोई वाहन फंस जाता है या फिर खराब हो जाता है, जिससे यातायात प्रभावित हो जाता है। गड्ढे में ट्रक फंस जाने से शुक्रवार की रात दस बजे से जाम लगना शुरू हुआ जो शनिवार की दोपहर तक लगा रहा। यह जाम सड़क के दोनों ओर करीब 10 किमी लंबा लगा रहा। इसमें कई बरात में शामिल वाहन भी फंस गए, जिससे बराती बिलबिलाते रहे। बड़ी संख्या में लोगों ने वाहनों से उतर कर पैदल सफर तय किया। स्थानीय लोग कहते हैं कि सड़क के गड्ढों को भरवाने के लिए कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जिस जन प्रतिनिधि या अधिकारी से पूछा जाये तो वह सड़क फोरलेन बनने की बात कहकर टाल देता है। पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया तब कहीं शनिवार की शाम तक यातायात सुचारू हो सका। अमित गुप्ता, नीरज गुप्ता, नरपाल पाल, भूरेपाल, अनिल पाल, मुनेश पाल, गुड्डू तिवारी, सोनू दुबे ने कहा कि यदि इन गड्ढों को नहीं भरवाया गया तो वह लोग स्वयं सड़क पर जाम लगा देंगे।