खेत में रखवाली कर रहे दो किसानों की ठंड ने ली जान
जागरण संवाददाता, उरई : रात की सर्द हवाओं के बीच अन्ना मवेशियों से फसल बचाने को खेतों
जागरण संवाददाता, उरई : रात की सर्द हवाओं के बीच अन्ना मवेशियों से फसल बचाने को खेतों में रखवाली किसानों की जान पर भारी पड़ रही है। आटा और रामपुरा क्षेत्र में ठंड लगने से दो किसानों की मौत हो गई।
आटा संवाद सूत्र के मुताबिक भदरेखी निवासी कृष्ण कुमार (42) सोमवार रात खेत में फसल की रखवाली कर रहे थे। ठंड लगने से उसकी हालत बिगड़ गई। मंगलवार सुबह आसपास रखवाली कर रहे किसानों ने उन्हें बेसुध पड़े देखा। परिजन कृष्णा कुमार को एंबुलेंस से लेकर जिला अस्पताल में भर्ती कराने जा रहे थे, तभी रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घर के मुखिया की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बड़ी बेटी शिवानी (16) और छोटी कंचन (13) और पत्नी नीलम का रो-रोकर बुरा हाल था।
उधर, रामपुरा संवाद सूत्र के मुताबिक नदियापार के ग्राम मिर्जापुरा जागीर निवासी अशोक कुमार पाल (33) पुत्र नाथूराम रात को खेतों में पानी लगाने गया था। मंगलवार सुबह घर लौटा तो कांपने लगा। तबियत खराब देख परिजन अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि तभी अशोक गश खाकर गिर गया और सांसें थम गई। तीन बेटों में सबसे बड़े अशोक की मौत से माता-पिता बदहवास हो गए। अशोक की पत्नी लाली और बच्चों शिवा व शिबू का बुरा हाल था।