महान दल के साथ जोश में दिखे सपाई, एक स्वर में नारेबाजी
जागरण संवाददाता उरई अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ सप
जागरण संवाददाता, उरई : अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ सपा ने परिवर्तन रथ निकाला है। लेकिन इस कारवां में सबसे अहम भूमिका महान दल की नजर आ रही है। अखिलेश का रथ जिस पड़ाव से गुजरा वहां पर जितनी संख्या में सपा कार्यकर्ता थे, उतने ही महान दल से जुड़े कार्यकर्ता भी रहे। यही वजह है गठबंधन के बैनर में अखिलेश के बराबर ही महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य की तस्वीर थी।
अखिलेश यादव की जनसभा कालपी के ठक्कर बापा इंटर कालेज के मैदान में दोपहर दो बजे थी, एक बजे वे हमीरपुर से कदौरा मार्ग पर जनपद की सीमा में दाखिल हो गए, इस बीच जोश से भरे कार्यकर्ताओं ने कई पड़ाव में उनका स्वागत किया। उनके साथ रथ पर महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य भी थे। निर्धारित समय से करीब डेढ़ घंटे बाद उनका रथ कालपी के ठक्कर बापा इंटर कालेज के मैदान पर पहुंच गया। भाषण के लिए अगल से मंच तैयार किया गया था, लेकिन उस पर मंच से पूर्व सांसद, चंद्रपाल सिंह यादव, पूर्व विधायक दीपनारायण यादव , विधान परिषद सदस्य रमा निरंजन , शिक्षक विधायक डा. मान सिंह यादव, परू्व जिलाध्यक्ष धीरेंद्र यादव ने संबोधित किया। अखिलेश यादव ने बस की छत को ही मंच के रूप में इस्तेमाल किया। महान दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष केशव देव मौर्य, पूर्व सांसद राजाराम पाल ही इस दौरान उनके साथ नजर आए। अखिलेश यादव का रथ जब रवाना हो गया उसके बाद केशव देव मौर्य ने जनसभा को संबोधित किया। तब तक महान दल के कार्यकर्ताओं की भीड़ भी रुकी रही।