उरई में धूमधाम से मनाया जाएगा गणतंत्र दिवस
जागरण संवाददाता, उरई : कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों
जागरण संवाददाता, उरई : कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई। निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। हर चौराहे पर राष्ट्र भक्ति से ओतप्रोत गीत बजाए जाएंगे। इसके साथ ही अन्य आयोजन किए जाएंगे।
जिलाधिकारी डॉ मन्नान अख्तर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रमिल कुमार सिंह कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। बताया कि 26 को सुबह 7 बजे माहिल तालाब से प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसके उपरांत ध्वजारोहण व राष्ट्रगान होगा। पूर्व संध्या पर शहर की साफ सफाई और सभी महापुरुषों के प्रतिमा स्थलों को साफ सुथरा कर उनको बिजली की झालरों से सजाया जाएगा। पर्व के दिन सुबह ही सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण का कार्य होगा। नगरपालिका का दायित्व होगा कि चौराहों की सजावट भी कराए। साथ ही सफाई व्यवस्था को चाक चौबंद किया जाएगा। जिलाधिकारी ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व पर जो भी कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं उनका आयोजन कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए होना चाहिए। इस मौके पर सिटी मजिस्ट्रेट सुनील कुमार शुक्ला, एएसपी अवधेश सिंह, एसडीएम सदर सत्येंद्र सिंह,एसडीएम कालपी जयेंद्र कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक भगवत पटेल, पालिका अध्यक्ष अनिल बहुगुणा, डीपीआरओ अभय कुमार यादव, ईओ संजय कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे।
संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, दहेज हत्या का आरोप
जागरण संवाददाता, उरई : शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पड़ुरी में संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत हो गई। ससुराल वालों का कहना है कि उसकी मौत बीमारी की वजह से हुई है, लेकिन मृतका के मायके वालों का आरोप है कि ससुराल वाले दहेज के लिए उसकी बेटी को परेशान करते थे। प्रता़ड़ना की वजह से उनकी बेटी की जान गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर ससुराल वालों के विरुद्ध दहेज हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम पड़ुरी में रुद्र कुमार की पत्नी अमृती की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति का कहना है कि अमृती बीमार चल रही थी। उपचार का बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ। जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई, लेकिन मृतका के पिता राजेश सिंह तोमर ने आरोप लगाया है कि उसकी बेटी को परेशान किया जा रहा था। ससुराल वाले लंबे समय से उसे परेशान करते आ रहे थे। जब बेटी बीमार हो गई तब भी उसका उपचार नहीं कराया गया। जिससे उसकी जान चली गई। पुलिस ने मृतका के पिता राजेश सिंह सेंगर की तहरीर पर पति रुद्र प्रताप सिंह, ससुर करन सिंह एवं सास सुनीता सिंह के विरुद्ध दहेज हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू दी है। सीओ सिटी संतोष कुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तथ्यों के आधार पर जांच कर आरोपितों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।