राप्तीसागर एक्सप्रेस में बिगड़ी यात्री की तबीयत, मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत
राप्तीसागर एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे बिहार के मुहम्मद पप्पू की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें उरई स्टेशन पर उतारा गया। ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
राप्तीसागर एक्सप्रेस में यात्री मुहम्मद पप्पू की तबीयत बिगड़ी।
उरई स्टेशन पर उतारकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
इलाज के दौरान यात्री की दुखद मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, उरई। राप्तीसागर एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे एक यात्री के सीने में दर्द होने से तबीयत रविवार सुबह बिगड़ गई। आरपीएफ, जीआरपी जवानों ने ट्रेन को स्टेशन पर रुकवाकर यात्री को उतारा और एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कालेज में बेहोशी हालत में भर्ती कराया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
बिहार के चंपारण जिले के बजरिया थाना क्षेत्र के बजरिया निवासी 34 वर्षीय मुहम्मद पप्पू तमिलनाडु से बिहार जा रहे थे। ट्रेन (12522) राप्तीसागर एक्सप्रेस में सफर के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। यात्रियों ने इसकी सूचना रेलवे हेल्पलाइन पर दी।
जिसके बाद सूचना उरई स्टेशन अधीक्षक कार्यालय को जानकारी दी गई। रविवार सुबह करीब छह बजे ट्रेन के पहुंचने पर आरपीएफ, जीआरपी थाने के जवान पहुंचे और यात्री को ट्रेन से उतारकर प्लेटफार्म नंबर एक पर लाए। इसके बाद एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कालेज ले जाकर भर्ती कराया गया।
उस समय मुहम्मद पप्पू के साथ उसकी पत्नी रसिया खातून और बच्चे भी मौजूद थे। पत्नी ने बताया कि वह पति के साथ थीं, उन्हें सीने में दर्द हुआ था, पति के साथ वह भी अस्पताल गई थीं। जीआरपी थाने के उपनिरीक्षक प्रेमचंद कनौजिया ने बताया कि मुहम्मद पप्पू की उपचार के दौरान मौत हो गई।
मौत किस वजह से हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम सोमवार को होगा, रिपोर्ट आने पर मौत होने का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
