बोरों में शव की सूचना पर दौड़ी पुलिस, मिले मरे मुर्गे
झांसी-कानपुर हाईवे पर चमारी नाला के पास बोरों में किसी के शव पड़े हुए हैं। रविवार दोपहर एक राहगीर के इस सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीओ थाना पुलिस की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। सड़क किनारे से ही आ रही दुर्गंध ने शक को गहरा कर दिया। हालांकि बोरों को खुलवा कर देखा गया तो उस
संवाद सूत्र, आटा : झांसी-कानपुर हाईवे पर चमारी नाला के पास बोरों में किसी के शव पड़े हुए हैं। रविवार दोपहर एक राहगीर के इस सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सीओ थाना पुलिस की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। सड़क किनारे से ही आ रही दुर्गंध ने शक को गहरा कर दिया। हालांकि बोरों को खुलवा कर देखा गया तो उसमें मरे हुए मुर्गे भरे थे। जिसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
हाईवे से गुजरने वाले लोगों ने भीषण दुर्गंध के बाद नाले के पास देखा तो दो बोरे पड़े थे। शक हुआ कि किसी की हत्याकर शवों को बोरों में भरकर फेंका गया है। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। कालपी सीओ संजय कुमार शर्मा और आटा थाना प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह दलबल के पहुंचे। बोरों को खुलवाकर देखने में मरे हुए मुर्गे भरे मिले। पुलिस ने वहां से मरे हुए मुर्गों को हटवा दिया।
मुर्गी फार्म होने से कई बार मिली झूठी सूचना
आटा कस्बे में एक मुर्गी फार्म संदी सड़क के किनारे है, जबकि दूसरा मुर्गी फार्म अकोढ़ी सड़क पर है। स्थानीय लोग बताते हैं कि जब मुर्गे मर जाते हैं, तो संचालक उनको बोरों में भरकर सार्वजनिक स्थान पर डाल देते हैं। जिससे लोगों को मृत शरीर का आभास होता है और पुलिस को सूचना दे दी जाती है। सीओ ने कहा कि मुर्गी फार्म हाउस वालों को चेतावनी दी गई है कि आगे से गड्ढा खोद दफना दिया जाए, अब ऐसी गलती मिली तो कार्रवाई की जाएगी।