हत्या के बाद सिकरी बुजुर्ग में नजरें जमाए है पीएसी
रिश्तेदार द्वारा दुष्कर्म करने की शिकायत
संवाद सहयोगी, कोंच : नदीगांव थाना क्षेत्र के ग्राम सिकरी बुजुर्ग में अभी भी दहशत का माहौल है। आरोपितों के घरों का सामान अभी भी बिखरा पड़ा है। उनके परिवार के सदस्य दहशत के कारण अपने घरों में नहीं लौटे हैं। पुलिस ने छेड़खानी की शिकायत करने गए प्रवासी की गोली मार हत्या के दो आरोपितों को तो गिरफ्तार कर लिया, पर तीसरे की तलाश में छापेमारी जारी है। तनाव को देखते हुए डेढ़ सेक्शन पीएसी तथा चार थानों की पुलिस अभी भी गांव में डेरा जमाए हुए है।
शनिवार को रात कुछ दिन पूर्व ही गैर प्रांत से लौटे अरविद अहिरवार की हत्या उस समय कर दी गई थी, जब वह छेड़खानी की शिकायत करने गया था। उसके बाद गांव की स्थिति खराब हो गई थी। आरोपितों के घर आगजनी के साथ तोड़फोड़ की गई थी। पीड़ित परिवार और उनके समाज के लोगों ने आरोपित दीपांशु गुर्जर उनके साथियों के घरों पर हमला कर तोड़फोड़ कर आगजनी कर दी थी। जिसके बाद पुलिस ने मोर्चा संभाला और आरोपितों के परिवारों की महिलाओं बच्चों को बचाते हुए गांव की स्थिति को नियंत्रण में किया। घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी आरोपितों के घर सूने पड़े हैं। मंगलवार को भी गांव में तनाव बरकरार रहा। डेढ़ सेक्शन पीएसी के जवान गांव में डेरा डाले हुए हैं। कोंच, नदीगांव, रेंढ़र और कैलिया की पुलिस गांव में मौजूद हैं। हालांकि पुलिस ने मुख्य आरोपित दीपांशु गुर्जर और अवनेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। तीसरे आरोपित अंशु की तलाश में कई स्थानों पर दबिश दी गयी। रेंढ़र थानाध्यक्ष योगेंद्र सिंह ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है फरार तीसरे आरोपित को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।