उरई में जल्द बिछेगी सीवर लाइन, 339 करोड़ का प्रस्ताव तैयार; मंत्री ने सदर विधायक को दिया आश्वासन
उरई में सीवर लाइन बिछाने की मांग पर नगर विकास मंत्री ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सदर विधायक ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
नगर विकास मंत्री ने उरई सीवर लाइन पर दिया आश्वासन।
सदर विधायक ने मंत्री को सौंपा 339 करोड़ का प्रस्ताव।
शहर में 200 किमी लंबी सीवर लाइन बिछाई जाएगी।
जागरण संवाददाता, उरई। शहर में सीवर लाइन न होने से आ रही समस्या को उभारते हुए दैनिक जागरण की ओर से चलाई गई मुहिम फलीभूत होने को अग्रसर है। 27 सितंबर से लेकर तीस सितंबर तक के अंक में लगातार खबरें प्रकाशित लोगों की समस्याओं को उठाते हुए इसमें सदर विधायक का भी ध्यान आकर्षित कराया गया और उनकी ओर से इसकी पहल भी कर दी गई है।
उन्होंने इसके लिए नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा से लखनऊ जाकर मुलाकात की और सीवर लाइन के संबंध में पत्र सौंपा। इसके माध्यम से शहरवासियों को क्या समस्याएं हो रही हैं और अन्य मुद्दों पर भी अपनी बात रखी।
जिला प्रशासन की ओर से तैयार कराया गया सीवर लाइन का नया प्रस्ताव 339 करोड़ का है। उन्होंने तैयार प्रस्ताव के विषय में जानकारी दी और जल्द पास कराने को कहा। सदर विधायक ने दैनिक जागरण को फोन पर हुई बातचीत में बताया कि नगर विकास मंत्री की ओर से आश्वासन दिया गया है कि इसमें तेजी से काम कराया जाएगा।
नगर विकास मंत्री को सौंपे पत्र में सदर विधायक ने लिखा कि जनपद जालौन की 221 उरई विधानसभा के अंतर्गत नगर पालिका परिषद उरई शहर की आबादी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। जनपद का मुख्यालय होने के कारण इसका विस्तार चारों दिशा में तेजी से फैल रहा है।
जनहित को ध्यान में रखते हुए सीवर लाइन बिछवाना जाना अत्यंत आवश्यक हो गया है। नगर विकास मंत्री ने सदर विधायक को आश्वासन दिया। मंत्री ने कहा कि डीपीआर तैयार कराने से पहले इसका सर्वे कराया जाएगा। इसको लेकर जहां भी रुकावट आ रही है उसे जल्द दूर करके इसका काम प्रारंभ होगा।
200 किमी बिछनी है सीवर लाइन
जल निगम के एक्सइएन हिमांशू नेगी ने बताया कि विभाग की ओर से एक नया प्रस्ताव 339 करोड़ का तैयार करके भेजा गया था। इसकी स्वीकृति मिल जाने पर सर्वे का काम होगा। शहर में करीब 200 किमी लंबी सीवर लाइन बिछाई जानी है। विभाग की ओर से तैयारी पूरी है बस प्रस्ताव स्वीकृति का इंतजार है।
सदर विधायक की बात
नगर विकास मंत्री से मंगलवार को लखनऊ स्थित उनके आवास पर जाकर मुलाकात की और शहर में सीवर लाइन बिछवाने की मांग को रखा, उनकी ओर से जल्द ही डीपीआर तैयार करने और सर्वे कराने की बात कही गई है, उम्मीद है कि शहरवासियों को जल्द उपहार मिलेगा। आ रही समस्या का निवारण हो सकेगा।
-गौरी शंकर वर्मा, भाजपा उरई सदर विधायक।
