बनते ही दबने लगी नवनिर्मित सर्विस लेन
संस कालपी अरसे से अधूरे पड़े नगर के हाईवे निर्माण की बाधाओं को जिला प्रशासन द्वारा सूझ
संस, कालपी : अरसे से अधूरे पड़े नगर के हाईवे निर्माण की बाधाओं को जिला प्रशासन द्वारा सूझ-बूझ से दूर कर दिया। दोनों तरफ से सर्विस रोड बनना शुरू भी हो गई लेकिन भ्रष्टाचार का ग्रहण लग जाने के कारण एक ओर की बनाई गई सर्विस लेन पूरी तरह दब गई है।
निर्माण इकाई की ठेकेदार कंपनी द्वारा बनाई गई सर्विस लेन में भ्रष्टाचार और गुणवत्ता परक काम न किए जाने के आरोप स्थानीय लोग लगाने लगे हैं। कारण एक ओर बनाई गई सर्विस लेन पर वाहनों के चलते ही सर्विस लेन पूरी तरह दब चुकी है। देखने से ऐसा लगता है कि जैसे यह दो दशक पूर्व बनवाई गई है। लोगों का कहना है कि सर्विस लेन बने अभी 15 दिन भी नहीं हुए हैं और इस कदर बैठ गई जैसे वर्षों से इस सड़क पर ओवरलोडेड वाहन गुजर रहे हो। हकीकत यह है पिछले तीन सप्ताह से रात में 12 बजे के बाद ही मौरंग, गिट्टी के वाहन निकलते हैं और सुबह छह बजे तक ही निकलते है। फिर भी निर्माण इकाई ओवरलोडिग को दोषी ठहरा रही है। अरविद यादव, यतेंद्र सिंह, अंजनी चौहान, रवींद्र सोनी, धर्मेंद्र सोनी ने कहा कि निर्माण में गुणवत्ता की दशा सर्विस लेन सड़क खुद ब खुद बयां कर रही है।
उड़ने वाली धूल से लोग परेशान
नगर मे बनाई जा रही सर्विस रोड पर इस कदर धूल उड़ रही है कि लोग धूल में गुम हो जा रहे हैं। आलमपुर तिराहे से यमुना पुल तक धूल के गुबार से लोग बुरी तरह परेशान हैं। धूल के कारण लोग दमा, टीबी, श्वांस रोग जैसी खतरनाक बीमारियों के शिकार हो रहे हैं। निर्माण इकाई पानी का छिड़काव नहीं करवा रही है। चौराहे पर धूल के कारण व्यापार भी चौपट है लेकिन निर्माण इकाई को इससे कोई सरोकार नहीं है।
क्या कहते जिम्मेदार
अभी सर्विस लेन पर एक लेयर डालनी बाकी है। 20 अप्रैल तक दोनों ओर की सर्विस लेन पूरी कर ली जाएगी।
डीएन तिवारी, पीआरओ निर्माण इकाई
ओवरलोड ट्रकों पर निरंतर कार्रवाई की जा रही है।
सुनील शुक्ला, एसडीएम