विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालौन: करवाचौथ पर खरीदारी से लौटते ही पति ने पी शराब, नाराज पत्नी ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

Published: Thu, 29 Oct 2026 03:29 PM (IST)

जालौन के जलालपुर चिरगुवां गांव में करवाचौथ की खरीदारी के बाद पति के शराब पीने से नाराज पत्नी पानकुंवर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. करवाचौथ खरीदारी के बाद पति ने शराब पी।

  2. पति की शराबखोरी से पत्नी पानकुंवर नाराज हुई।

  3. नाराज पत्नी ने खेत में फंदा लगाकर जान दी।

जागरण संवाददाता, जालौन। चुर्खी थाना क्षेत्र के जलालपुर चिरगुवां गांव में करवाचौथ की खरीदारी कर लौटते समय पति के शराब पीने से नाराज पत्नी ने फंदा लगाकर जान दे दी।

मंगलवार शाम महिला का शव खेत में नीम के पेड़ पर रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही स्वजन में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जलालपुर चिरगुवां निवासी 65 वर्षीय पानकुंवर अपने पति गोपाल यादव के साथ करवाचौथ का सामान खरीदने शहर आई थीं। शाम करीब छह बजे खरीदारी करने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। रास्ते में गोपाल यादव ने रुककर शराब पी ली। इसके बाद वह नशे में भला-बुरा कहने लगा।

इस बात को लेकर पानकुंवर नाराज हो गईं और दोनों के बीच कहासुनी होने लगी। इसके बाद दोनों घर पहुंच गए। शाम करीब सात बजे पानकुंवर बिना किसी को बताए खेत की ओर चली गईं।

देर शाम तक उनके घर नहीं लौटने पर गोपाल यादव उन्हें तलाशने निकले। खेत में पहुंचने पर उन्होंने पत्नी का शव नीम के पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका देखा। यह देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

संतान न होने से भी रहती थी परेशान

स्वजन के मुताबिक, दंपती की कोई संतान नहीं थी। इस वजह से भी पानकुंवर परेशान रहती थी। हालांकि, घटना के पीछे की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

चुर्खी थाना प्रभारी अनिल सिंह ने बताया कि पति ने शराब पीने को लेकर नाराजगी के बाद पत्नी के फंदा लगाकर जान देने की जानकारी दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- 'सुसाइड के लिए गंगनहर ही क्यों आया?' परिवार को हत्या की आशंका; गाजियाबाद में मिला बुराड़ी से गायब युवक का शव