जालौन में टायर फटने से डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में पहुंची स्कूली बस, बाल-बाल बचे बच्चे
जालौन में दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की बस का टायर फटने से वह डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में चली ...और पढ़ें
-1787816971844_m.webp)
HighLights
स्कूल बस का टायर फटने से बड़ा हादसा टला।
बस डिवाइडर पार कर दूसरी लेन में जा पहुंची।
सभी छह बच्चे पूरी तरह सुरक्षित रहे, कोई घायल नहीं।
जागरण संवाददाता, जालौन। दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल के छह बच्चों को कालपी से उरई लेकर आ रही बस आटा थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब नौ बजे कानपुर-झांसी हाईवे पर टोल प्लाजा के पास अगला टायर फट जाने से अनियंत्रित हो डिवाइडर पार करके दूसरी लेन में चली गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार उस समय 45 किमी प्रति घंटा थी। घटना के समय गनीमत रही कि कोई सामने से वाहन नहीं आ रहा था वरना बड़ा हादसा हो जाता। किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई है। घटना के बाद अभिभावकों को सूचना देकर उनके साथ बच्चों को घर भेज दिया गया। बस स्कूल की है।
शहर के दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की बस कालपी से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। बस को कालपी निवासी वीरेंद्र चला रहा था। चालक ने बताया कि झांसी-कानपुर हाईवे पर आटा टोल प्लाजा पर पहुंचने से पहले ही तेज आवाज के साथ बस का दाहिनी ओर का अगला टायर फट गया।
बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर उरई से कानपुर की ओर जाने वाली लेन पर चली गई। जब यह घटना हुई उस दौरान अगर दोनों लेने में से कोई बड़ा वाहन आ रहा होता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना से बच्चे दहशत में आकर चीखने लगे।
चालक ने फोन करके स्कूल प्रबंधक और बच्चों के अभिभावकों को सूचना दी। अभिभावक पहुंचकर बच्चों को अपने साथ घर ले गए। आटा थाना प्रभारी अभिलाष मिश्रा मौके पर पहुंचे और चालक से पूछताछ की। थाना प्रभारी ने बताया कि कोई बच्चा घायल नहीं हुआ है, बड़ा हादसा टल गया। विद्यालय प्रबंधक सारविल सिंह ने बताया कि बस का अगला टायर फटा था, बस स्कूल की है। सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
