विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालौन में मूंग खरीद में अनियमितता, क्रय केंद्र सचिव निलंबित, किसानों को राहत

Published: Sat, 22 Aug 2026 04:59 PM (IST)

जालौन में किसानों की मूंग न तौलने और रात में उपज उतरवाने की शिकायत पर सहाव मूंग क्रय केंद्र के सचिव योगेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. सहाव मूंग क्रय केंद्र सचिव योगेंद्र सिंह निलंबित।

  2. किसानों की उपज न तौलने, रात में मूंग उतरवाने की शिकायत।

  3. जिलाधिकारी ने बिचौलियों पर निगरानी, किसानों को सुविधा के निर्देश।

जागरण संवाददाता, उरई। जालौन तहसील के सहाव मूंग क्रय केंद्र के सचिव योगेंद्र सिंह को किसानों की उपज न तौलने और रात में मूंग केंद्र पर उतरवाने की शिकायत व अन्य लापरवाही करने पर निलंबित कर दिया गया है। उसकी ओर से तौल में किसानों को परेशान करने की शिकायतें मिल रही थीं। शुक्रवार को जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने समीक्षा के माध्यम से जनपद में संचालित मूंग खरीद व्यवस्था को समझा।

उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें निर्धारित समर्थन मूल्य का लाभ मिले। जनपद में 40 मूंग क्रय केंद्र संचालित हैं। मूंग का निर्धारित क्रय मूल्य 8,768 रुपये प्रति क्विंटल है। किसान समस्या से संबंधित शिकायत कलेक्ट्रेट में स्थापित कंट्रोल रूम नंबर 05162-257090 पर कर सकते हैं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में संचालित मूंग क्रय केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें। क्रय केंद्रों पर किसानों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। बिचौलियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए।

किसी भी मूंग क्रय केंद्र पर उपज की खरीद, भुगतान या अन्य किसी प्रकार की समस्या होने पर किसान कंट्रोल रूम पर संपर्क कर सकते हैं। शिकायतों का संज्ञान लेकर संबंधित अधिकारियों के माध्यम से समाधान कराया जाएगा।

अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजीव राज ने बताया कि मूंग क्रय केंद्रों का संचालन विभिन्न फार्मर प्रोड्यूसर कंपनियों, सहकारी समितियों से किया जा रहा है। लक्ष्य 4300 मीट्रिक टन निर्धारित है। जिसके सापेक्ष अब तक क्रय केंद्रों पर 10 हजार क्विंटल मूंग की खरीद की जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि सहाव मूंग क्रय केंद्र के सचिव योगेंद्र सिंह के खिलाफ दस दिन पहले शिकायत मिली थी कि वह किसानों की उपज तौलने में आनाकानी करता है। वहीं, रात में मूंग केंद्र पर तौल के लिए उतारी जाती है।

मामले में सचिव को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी ने कहा कि किसान अपनी मूंग की उपज निर्धारित क्रय केंद्रों पर ही लाएं और किसी भी बिचौलिए के माध्यम से उपज का विक्रय न करें।

यह भी पढ़ें- जालौन में सुसाइड से पहले वीडियो बनाने वाले मजदूर के मामले में प्रशासन ने लिया संज्ञान, परिजनों को मिलेंगे 5 लाख रुपए

यह भी पढ़ें- 23 KM की सड़क और 500 गड्ढे, जालौन में बदहाल सड़क से 2 लाख लोग परेशान; हर दिन हो रहे हादसे