विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हैलो डॉक्टर! हर समय नींद आती रहती है क्या करूं? क्या रोज कब्ज की दवा लेना ठीक है?

Published: Thu, 20 Aug 2026 03:18 PM (IST)

जालौन के जिला अस्पताल के डॉ. अनुपम मिश्रा ने बारिश के मौसम में स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां बताईं, जिसमें साफ पानी ...और पढ़ें

जालौन जिला अस्पताल के चिकित्सक डाॅ. अनुपम मिश्रा

जालौन जिला अस्पताल के चिकित्सक डाॅ. अनुपम मिश्रा

HighLights

  1. बारिश में साफ पानी पिएं, बासी भोजन से बचें।

  2. बुखार, खांसी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज न करें।

  3. गंभीर होने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें।

जागरण संवाददाता, जालौन। बारिश के मौसम में स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहना जरूरी है। साफ पानी पिएं। अच्छा है आरओ या फिर पानी को गरम कर उसके बाद ठंडा कर पिएं। इसके साथ ही बासी भोजन न करें और बाजार के खुले खाद्य पदार्थ तो बिल्कुल न आएं।

अच्छा तो यही है कि बाजार के खाद्य पदार्थों से बारिश के मौसम में परहेज ही करें अन्यथा इनके सेवन से पेट में समस्या हो सकती है। उल्टी-दस्त हो सकते हैं। इस मौसम में एसी, कूलर का ज्यादा प्रयोग भी उचित नहीं है।

अगर बुखार-खांसी कई दिनों से है तो इसे सामान्य मानकर नजरंदाज न करें। चिकित्सक के परामर्श से ही दवाओं का सेवन करें। अन्यथा लाभ की बजाय कई बार नुकसान भी हो सकता है।

यह सलाह बुधवार को दैनिक जागरण कार्यालय में आयोजित हेलो डॉक्टर कार्यक्रम में उपस्थित जिला अस्पताल के चिकित्सक डाॅ. अनुपम मिश्रा ने पाठकों के सवालों के जवाब देते हुए दी।

पाठकों के सवाल जवाब-

  • सवाल- मुझे चार दिन से लगातार बुखार आ रहा है। दवा लेने के बाद कुछ घंटे आराम मिलता है, फिर बुखार हो जाता है। क्या करूं?
  • जवाब- चार दिन से बुखार बना हुआ है तो इसे सामान्य मानकर केवल बुखार की दवा लेते रहना उचित नहीं है। जिला अस्पताल आकर जांच कराकर बुखार का कारण पता करें। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा। उसके बाद ही दवा खाना उचित होगा।

  • सवाल- मुझे दो दिन से तेज बुखार के साथ शरीर और सिर में दर्द है। क्या करें?
  • जवाब- वायरल संक्रमण में बुखार के साथ शरीर और सिर में दर्द हो सकता है, लेकिन केवल लक्षणों के आधार पर बीमारी की पुष्टि नहीं की जा सकती। तेज या लगातार बुखार होने पर चिकित्सक से जांच कराएं और पर्याप्त पानी व तरल पदार्थ लेते रहें। समीपस्थ चिकित्सालय में जाकर चिकित्सक को दिखाएं।

  • सवाल- मुझे कई दिनों से खांसी है। रात में खांसी ज्यादा बढ़ जाती है। क्या करें?
  • जवाब- मौसम में बदलाव से एलर्जी या वायरल संक्रमण के कारण खांसी हो सकती है, लेकिन लगातार खांसी के कई अन्य कारण भी होते हैं। यदि खांसी लंबे समय से है, सांस फूल रही है, सीने में दर्द है या बलगम में खून आ रहा है तो तुरंत चिकित्सकीय जांच कराएं।

  • सवाल- मुझे सांस लेने में हल्की परेशानी हो रही है और सीने में भारीपन भी महसूस होता है। क्या करें?
  • जवाब- गैस और एसिडिटी में भी सीने में असहजता हो सकती है, लेकिन सीने में भारीपन और सांस की परेशानी को केवल गैस मानना ठीक नहीं है। खासकर यदि पसीना, चक्कर, बेचैनी या दर्द हाथ अथवा जबड़े तक जा रहा हो तो तत्काल अस्पताल जाकर दिखाएं।

  • सवाल- मुझे चक्कर आता है और कुछ देर के लिए आंखों के सामने अंधेरा छा जाता है। इसका क्या कारण हो सकता है, क्या करना चाहिए?
  • जवाब- कम रक्तचाप, शरीर में पानी की कमी, कम शुगर, एनीमिया या अन्य कारणों से ऐसा हो सकता है। बार-बार चक्कर आने पर रक्तचाप और ब्लड शुगर की जांच के साथ चिकित्सकीय परीक्षण कराना जरूरी है। आप जिला अस्पताल या समीपस्थ अस्पताल जाकर चिकित्सक को तत्काल दिखाएं।

  • सवाल- मुझे खाना खाने के बाद पेट में जलन और खट्टी डकार आती है। क्या करें?
  • जवाब- यह एसिडिटी या गैस्ट्रोएसोफेजियल रिफ्लक्स की वजह से हो सकता है। बहुत तला-मसालेदार भोजन, अधिक चाय-काफी और देर रात भोजन से बचें। समस्या बार-बार होने पर चिकित्सक से परामर्श लें।

  • सवाल- मुझे तीन-चार दिन से दस्त हो रहे हैं। कमजोरी भी महसूस हो रही है। क्या करें?
  • जवाब-दस्त में शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट की कमी हो सकती है। ओआरएस का सेवन करें और पर्याप्त तरल पदार्थ लें। यदि बार-बार दस्त हो रहे हैं, खून आ रहा है, तेज बुखार है, पेशाब कम हो रहा है या बहुत कमजोरी है तो तुरंत डाक्टर को दिखाएं।

  • सवाल- मेरे पैरों में लगातार जलन और झनझनाहट रहती है। रात में समस्या ज्यादा बढ़ जाती है। क्या करें? -सरिता, कोंच
  • जवाब- विटामिन की कमी इसका एक कारण हो सकती है, लेकिन मधुमेह में नसों पर असर पड़ने से भी पैरों में जलन और झनझनाहट हो सकती है। जांच के बाद ही सही कारण पता चलेगा। यदि आप मधुमेह की दवा लेती हैं तो ब्लड शुगर की भी नियमित जांच करें।

  • सवाल- मुझे पिछले कुछ दिनों से बहुत कमजोरी लग रही है और हर समय नींद आती रहती है, क्या करें? -रागिनी, कालपी
  • जवाब- एनीमिया के अलावा नींद पूरी न होना, थायरायड, संक्रमण, ब्लड शुगर में गड़बड़ी और अन्य कारण भी हो सकते हैं। लगातार कमजोरी रहने पर चिकित्सक से जांच कराना बेहतर रहेगा। आप समीपस्थ या जिला अस्पताल आकर दिखा सकती हैं।

  • सवाल- मुझे कई दिनों से कब्ज है और पेट भारी रहता है। क्या रोज कब्ज की दवा लेना ठीक है? -रोहित, इंदिरा नगर
  • जवाब- लंबे समय तक अपने आप कब्ज की दवा लेते रहना उचित नहीं है। पर्याप्त पानी, फाइबर युक्त भोजन और नियमित शारीरिक गतिविधि पर ध्यान दें। कब्ज लगातार बनी रहे, खून आए या पेट में तेज दर्द हो तो चिकित्सक से जांच कराएं।